DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

रेत माफियाओं पर माइनिंग विभाग का एक्शन, नागिन भाटा में ट्रैक्टर जब्त; अब दूसरे घाटों पर कार्रवाई की उठी मांग,,,देखे पूरी खबर

संवाददाता साबीर अंसारी

बांकीमोंगरा :– जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन पर लगाम लगाने के लिए खनिज विभाग ने एक बार फिर कार्रवाई का चाबुक चलाया है। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के नागिन भाटा में माइनिंग विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को पकड़कर जब्त कर लिया। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG 12 B 6036 को बिना वैध अनुमति के रेत परिवहन करते पाया गया। वाहन चालक नवल सिंह (कटाईनार बस्ती) तथा वाहन स्वामी हरि सिंह (कटाईनार) के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर बांकीमोंगरा थाना के सुपुर्द कर दिया गया।

ओवरलोड वाहनों पर भी कार्रवाईखनिज विभाग ने केवल अवैध रेत परिवहन ही नहीं, बल्कि ओवरलोड गिट्टी ढो रहे वाहनों पर भी कार्रवाई की। CG 30 4018 के विरुद्ध परिवहन नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया, जबकि CG 30 8112 को क्षमता से अधिक गिट्टी परिवहन करते पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

एक कार्रवाई से नहीं रुकेगा अवैध कारोबार

हालांकि नागिन भाटा में हुई कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने संतोष जताया है, लेकिन उनका कहना है कि यह सिर्फ शुरुआत है। क्षेत्र के तेलसरा, जमनीमुड़ा, पुरेना और कुमगरी नदी घाटों में लंबे समय से खुलेआम अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का खेल चल रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इन क्षेत्रों से प्रतिदिन दर्जनों ट्रैक्टर रेत निकालकर बेखौफ परिवहन करते हैं, जिससे शासन को राजस्व का नुकसान होने के साथ-साथ नदियों का अस्तित्व भी खतरे में पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि खनिज विभाग केवल एक स्थान तक कार्रवाई सीमित न रखे, बल्कि पूरे बांकीमोंगरा क्षेत्र के संवेदनशील नदी घाटों पर लगातार छापेमार अभियान चलाकर रेत माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगाए। उनका कहना है कि जब तक पूरे क्षेत्र में नियमित निगरानी और कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक अवैध रेत खनन का नेटवर्क खत्म नहीं होगा।

Exit mobile version