मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, एजेंसी। एमसीबी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की एक तस्वीर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। इस तस्वीर में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कमल छाप कपड़े पहनकर योग किया।

इस तस्वीर को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि जिस कमल चुनाव चिन्ह के सहारे भाजपा सत्ता में आई है, उसी कमल के ऊपर पैर रखकर योग करना उचित नहीं है।
पूर्व विधायक ने भाजपा से मांगा जवाब
कमरो ने आगे कहा कि यदि ऐसी ही तस्वीर किसी विपक्षी दल के नेता की होती, तो भाजपा इसे भारतीय संस्कृति, परंपरा और आस्था का अपमान बताकर बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना देती। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के लिए संस्कार और सम्मान की बातें केवल भाषणों तक ही सीमित हैं।
पूर्व विधायक ने भाजपा से इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में पद पर बैठे व्यक्तियों को अपने आचरण और व्यवहार में उन मूल्यों का पालन करना चाहिए, जिनकी वे सार्वजनिक रूप से वकालत करते हैं।
भाजपा बोली- बिना मुद्दे की राजनीति कर रही कांग्रेस
इस मामले में सूरजपुर भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी ने कहा कि मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के कपड़े पर लगा फूल भाजपा के चुनाव चिन्ह कमल जैसा नहीं है, दोनों में बहुत अंतर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए कुछ भी अनर्गल बातें करती है।
