बिलासपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने बिलासपुर के एक कार्यक्रम में MLA अमर अग्रवाल पर चुटकी ली। मंच से नेताम ने कहा कि कलेक्टर संजय अग्रवाल आए हैं तो कही अमर अग्रवाल की सीट खतरे में ना हो जाए। उनके इस कमेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
दरअसल कृषि मंत्री के इस बयान को उस घटना से जोड़कर देखा जा रहा हैं, जब कुर्सी को लेकर विधायक अमर अग्रवाल ने सार्वजनिक मंच से कलेक्टर पर नाराजगी जताई थी।
बता दें कि 14 मार्च को बिलासपुर में आयोजित गोधन योजना के उद्घाटन कार्यक्रम में रामविचार नेताम ने ये बात कही, जो अब यह चर्चा का विषय बन गया है।
कुर्सी को लेकर विधायक अमर अग्रवाल ने सार्वजनिक मंच से कलेक्टर पर नाराजगी जताई थी।
युवा महोत्सव कार्यक्रम में कुर्सी को लेकर हुए थे नाराज
पिछले साल दिसंबर महीने में बिलासपुर में आयोजित राज्य युवा महोत्सव में विधायक अमर अग्रवाल अव्यवस्था को लेकर नाराज हो गए थे। मंच में पीछे लाइन पर जगह मिलने से नाराज अमर अग्रवाल ने कलेक्टर संजय अग्रवाल पर नाराजगी जताई थी।
हालांकि, उन्होंने कलेक्टर से कुछ नहीं कहा था, केवल आंखें निहार कर नाराजगी का इशारा किया था। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद सीएम विष्णु देव साय ने अमर अग्रवाल को सामने फ्रंट लाइन पर बैठने बुलाया था।
जिस पर अमर अग्रवाल ने कहा कि, मैं आपके सम्मान में आ जाता हूं। वहीं, कार्यक्रम के बाद विधायक ने कहा कि, मेरी कोई नाराजगी नहीं है। मैं शुरू से व्यवस्था के पालन का आदी रहा हूं। कोई विधायक की उपेक्षा नहीं हो रही है।
विधायक की नाराजगी के बाद सीएम विष्णु देव साय ने उन्हें सामने फ्रंट लाइन पर बैठने बुलाया था।
गोधन योजना उद्घाटन कार्यक्रम में मंत्री ने ली चुटकी
दरअसल, 14 मार्च शनिवार को बिलासपुर के सेंट्रल युनिवर्सिटी में गोधन योजना का उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित था। जहां मुख्यमंत्री विष्णदेव साय ने इस योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री राम विचार नेताम भी शामिल हुए थे।
कलेक्टर संजय अग्रवाल पर चुटकी और तारीफ
कार्यक्रम के तहत कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने लोगों को संबोधित किया। मंत्रियों और विधायकों के नाम लेने के बाद कार्यक्रम में मौजूद सीनियर अधिकारियों का जिक्र करने की परंपरा निभाते हुए मंत्री ने कलेक्टर संजय अग्रवाल का भी जिक्र किया।
कलेक्टर संजय अग्रवाल का नाम आते ही मंत्री नेताम ने मुस्कुराते हुए चुटकी ली। उन्होंने कहा कि संजय अग्रवाल यहां आ गए हैं, तो अमर जी की सीट खतरे में पड़ सकती है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कलेक्टर जिले में अच्छा काम कर रहे हैं और लोगों के बीच उनकी अच्छी पहचान और लोकप्रियता है।
गोधन योजना के उद्घाटन कार्यक्रम में मंत्री ने विधायक अमर की चुटकी ली।
गोधन योजना के बारे में जानिए
गोधन योजना के उद्घाटन के बाद पहले चरण में राज्य के 11 जिलों में 29 गौधामों ने कामकाज शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जोगीपुर में बनने वाले राज्य के प्रथम गौ अभ्यारण्य का शिलान्यास भी किया। इनमें बिलासपुर जिले के लाखासार, ओखर, जैतपुर और हरदीकला गौधाम भी शामिल है।
बिलासपुर में 184 एकड़ में बनेगा गौ अभ्यारण्य
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में जिले के कोटा विकासखंड के ग्राम जोगीपुर में प्रस्तावित गौ अभ्यारण्य का शिलान्यास भी किया। यह अभ्यारण्य करीब 184 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है।
राज्य सरकार द्वारा इसके विकास के लिए प्रथम चरण में 1 करोड़ 32 लाख रूपए की मंजूरी प्रदान की गई है। इसके पूरा होने पर अभ्यारण्य में एक साथ 2500 के लगभग पशुओं का संरक्षण किया जा सकता है।

