DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

मंत्रियों को अचानक रात 9 बजे CM हाउस बुलाया:कार्यक्रम और दौरा रद्द कर रायपुर पहुंचे मिनिस्टर्स, एजेंडा सार्वजनिक नहीं

रायपुर, एजेंसी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अचानक सभी मंत्रियों को रात 9 बजे CM हाउस बुलाया है। अचानक मिले बुलावे से कई मंत्री अपने कार्यक्रम रद्द कर रायपुर के लिए रवाना हुए। जानकारी के मुताबिक मंत्रिपरिषद के सदस्यों को महत्वपूर्ण चर्चा के लिए बुलाया है। हालांकि, बैठक का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है।

पिछले कई दिनों से मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चा चल रही थी। इस मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है।

कई मंत्री कार्यक्रम छोड़कर रायपुर पहुंचे

बताया जा रहा है कि कुछ मंत्री दिनभर अपने प्रभार वाले जिलों और सरकारी कार्यक्रमों में व्यस्त थे, लेकिन देर शाम उन्हें तत्काल रायपुर पहुंचने के निर्देश मिले। निर्देश मिलते ही मंत्री राजेश अग्रवाल सरगुजा से रायपुर पहुंचे।

वहीं मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एमसीबी में आयोजित कार्यक्रम को बीच में छोड़कर रायपुर पहुंचे है। इसके बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में बैठक को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

इन विषयों पर चर्चा होने की संभावना

इस बैठक में आगामी प्रशासनिक निर्णयों, संगठनात्मक गतिविधियों, विधानसभा सत्र की तैयारी और विभिन्न योजनाओं की समीक्षा जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। छत्तीसगढ़ के राजनीतिक गलियारे में मंत्रिमंडल में फेरबदल की भी चर्चा है।

हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक किसी भी विषय की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि देर रात होने वाली इस बैठक से क्या बड़े फैसले निकलकर सामने आते हैं।

Exit mobile version