DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पटाखा मांगने पर नाबालिग ने की युवक की हत्या:कोरबा में टांगी-डंडे से किया हमला, आरोपी को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया

कोरबा। कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के कटमोरगा मड़ाई गांव में पटाखा मांगने को लेकर हुए विवाद में एक नाबालिग ने बोधराम बिंझवार की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, पटाखा देने से मना करने पर आरोपी ने डंडे और टांगी से उन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बोधराम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने नाबालिग को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।

बोधराम गांव की राशन दुकान से पटाखे और राशन का सामान खरीदकर घर लौट रहे थे। रास्ते में गांव के ही एक नाबालिग ने उनसे फोड़ने के लिए पटाखा मांगा। बोधराम ने पटाखा देने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।

पुलिस के मुताबिक, कहासुनी के बाद नाबालिग ने डंडे और टांगी से बोधराम पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने बांगो थाना पुलिस को दी।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि घटना 8 नवंबर की है। शुरुआती पूछताछ में पटाखे और शराब को लेकर दोनों के बीच कहासुनी की बात सामने आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Exit mobile version