DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सरकारी राशन दुकान में घुन लगा चना वितरण:गरियाबंद में सील पैक में 90% चना खराब, उपभोक्ता बोले- विकल्प नहीं होने के कारण लेना पड़ा

गरियाबंद,एजेंसी। गरियाबंद के रावणभाठा वार्ड की सरकारी राशन दुकान में उपभोक्ताओं को घुन लगा चना वितरित किया गया है। कलेक्ट्रेट से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित इस दुकान में सील बंद पैकेट में 80 से 90 प्रतिशत चना खराब निकला।

चना लेने पहुंचे गणेश नेताम और योगेश बघेल ने बताया कि राशन के साथ मिला चना पूरी तरह सील बंद था। पैकेट खोलने पर उसमें से बदबू आ रही थी। दुकान में मौजूद सभी पैकेट इसी स्थिति में थे। विकल्प न होने के कारण उपभोक्ताओं को यह खराब चना लेना पड़ा।

दुकान के सेल्समैन मोहित यादव ने बताया कि अगस्त में जब उन्होंने चार्ज लिया, तब से ही स्टॉक में घुन लगा हुआ था। उन्होंने अधिकारियों को इसकी सूचना दी थी। लेकिन स्टॉक का वितरण अनिवार्य होने के कारण आज बांटना पड़ा।

नान के डीएमओ के अनुसार, यह चना जून से भंडारित था और अब तक इसका वितरण किया जाना था। जिला खाद्य अधिकारी अरविंद दुबे ने कहा कि मीडिया से जानकारी मिलने पर मामले की जांच करवाई जाएगी।

गुणवत्ता हीन स्टॉक खपाने तो नहीं हुई मिलीभगत?

गरियाबंद में चना की सप्लाई करने वाला फर्म राजधानी का है, जो छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन के माध्यम से जिले में नागरिक आपूर्ति निगम को भेजता है। नान खाद्य विभाग के मांग के आधार पर उसे दुकानों में भंडारण कराती है।

तय नियम के मुताबिक नागरिक आपूर्ति निगम की ओर उसे ग्रहण किए जाने के पहले और राशन दुकान के वितरण के पूर्व दोनों स्थिति में गुणवत्ता की जांच क्वालिटी इंस्पेक्टर से करानी होती है।

इस मामले में नागरिक आपूर्ति निगम के डीएमओ किरण राय का कहना है कि जून माह में चने का स्टॉक आया था। परीक्षण में सभी फ्रेश और सही थे। चने को जल्द वितरण के निर्देश भी दिए गए थे।

Exit mobile version