DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पड़निया में मितानिन दिवस पर मितानिन बहनों का सम्मान, अतिथियों ने बताया स्वास्थ्य व्यवस्था की असली ताकत

कोरबा। ग्राम पड़निया में मितानिन दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की 19 मितानिन बहनों को कंबल, शॉल, श्रीफल एवं पुष्पहार भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मितानिन बहनों के साथ स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य विनोद यादव (पाली) रहे। विशेष रूप से भाजपा प्रदेश सह संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ राजेश यादव उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि विनोद यादव ने कहा कि घर-घर जाकर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने वाली मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की असली ताकत हैं। गर्भवती माताओं की देखभाल, बच्चों के टीकाकरण और ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में उनका योगदान अतुलनीय है। विपरीत परिस्थितियों में भी वे पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती हैं।

विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव ने कहा कि मितानिन बहनों का कार्य देवतुल्य है। उनके योगदान की जितनी भी सराहना की जाए, वह कम है। गांव-गांव और घर-घर तक स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी पहुंचाकर वे समाज की महत्वपूर्ण सेवा कर रही हैं। उनका समर्पण और सेवा भावना वास्तव में अनुकरणीय है।

सरपंच रमशिला कंवर ने कहा कि जन्म से लेकर जीवन के अंतिम पड़ाव तक विभिन्न अवसरों पर मितानिन बहनें अपनी जिम्मेदारी निभाती हैं। वे ग्रामीण परिवारों के बीच सखी-सहेली की तरह हंसते-खेलते और अपनत्व के साथ काम करती हैं। वहीं उपसरपंच बलराम यादव ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि हमें सेवा भाव से कार्य करने वाली मितानिन बहनों का सम्मान करने का अवसर प्राप्त हुआ।

सम्मानित मितानिन बहनें

सोनपुरी (ग्राम पंचायत पाली): सुखबाई, बुधवारा, चन्द्रकुमारी, सुनीता, उषा बाई एवं धनमति।

खैरभवना/पड़निया (ग्राम पंचायत खैरभवना): सुशीला कंवर, जानकी, सोनकुंवर, चंदाबाई, सहोदी एवं सुशीलाबाई।

कनबेरी (ग्राम पंचायत कनबेरी): बबीताबाई, मधु सोनी, धनबाई, तीजबाई, प्रेमलता, हेमबाई एवं लक्ष्मीन।

ये अतिथि रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जनपद सदस्य अमृत लाल, सरपंच रमशिला (पाली), खैरभवना सरपंच सरिता कंवर, कनबेरी सचिव धरम भारद्वाज, उपसरपंच बलराम यादव, पंच नीलम, फुलेश्वरी एवं रेणुका, पत्रकार मिनेशपुरी गोस्वामी, मितानिन ब्लॉक समन्वयक कटघोरा विकासखंड रुक्मणी यादव, प्रेरक मितानिन कमलेश लहरे तथा महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता संतरी कंवर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई। उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों ने मितानिन बहनों के सेवाभावी कार्यों की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में मितानिन ब्लॉक समन्वयक कटघोरा विकासखंड रुक्मणी यादव ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों एवं उपस्थित ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Exit mobile version