कोंडागांव,एजेंसी। कोंडागांव में जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2025 का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ शुभारंभ किया गया। चार दिवसीय इस आयोजन का उद्घाटन विधायक और बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लता उसेंडी ने किया।
खेलो इंडिया तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पित कर हुई। राष्ट्रीय तीरंदाजी खिलाड़ी रंजू सोरी ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई।

श्रेष्ठ खिलाड़ियों को संभाग स्तर पर भेजने की बात
मुख्य अतिथि लता उसेंडी और जिला कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए टीमवर्क का पालन करने और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि सबसे अच्छे खिलाड़ियों को संभाग स्तर पर भेजा जाए। ताकि वे कोंडागांव का नाम रोशन कर सकें। इस ओलंपिक के तहत आयोजित फुटबॉल बालक वर्ग प्रतियोगिता में केशकाल विकासखंड की टीम विजेता रही।
