DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जांजगीर-चांपा में अवैध रेत खनन के खिलाफ विधायक का धरना:प्रशासन ने 5 हाईवा जब्त किए, कार्रवाई के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम केवा-नवापारा क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन को लेकर सोमवार को बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक ब्यास कश्यप मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर धरने पर बैठ गए।

देर रात तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पांच हाईवा वाहनों को जब्त किया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।

विधायक ने मौके से ही राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग के अधिकारियों को अवैध खनन की सूचना दी।

महिलाओं ने सुनाई परेशानी

ग्रामीणों, खासकर महिलाओं ने विधायक को बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत खनन और परिवहन का कार्य जारी है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से गांव की सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अवैध गतिविधियों का विरोध करने वालों को धमकियां दी जाती हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी थी।

सूचना मिलते ही सड़क पर बैठे विधायक

विधायक ब्यास कश्यप ने मौके से ही राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग के अधिकारियों को अवैध खनन की जानकारी दी। इसके बाद वे ग्रामीणों के साथ सड़क पर धरने पर बैठ गए।

धरने की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और जिला स्तरीय टास्क फोर्स को मौके पर भेजा गया। टीम ने जांच के दौरान अवैध रेत परिवहन में संलिप्त पांच हाईवा वाहनों को जब्त कर लिया।

जिला स्तरीय टास्क फोर्स मौके पर पहुंची। टीम ने अवैध रेत परिवहन में संलिप्त पांच हाईवा वाहनों को जब्त कर कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान हुआ विवाद

कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों और एक भाजपा नेता के बीच प्रशासनिक अधिकारियों से तीखी बहस भी हुई। रेत भंडारण और परिवहन को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

हालांकि अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए स्पष्ट किया कि अवैध खनन और परिवहन के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

विधायक ने लगाए संरक्षण के आरोप

विधायक ब्यास कश्यप ने आरोप लगाया कि जिले में अवैध रेत कारोबार को संरक्षण मिल रहा है, जिसके कारण रेत माफियाओं के हौसले बढ़े हुए हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की शिकायतें गंभीर हैं और अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से लगातार निगरानी और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की।

जांच जारी

प्रशासन ने जब्त किए गए पांचों हाईवा वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। संबंधित मामलों की जांच जारी है और खनिज नियमों के उल्लंघन से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

देर रात तक चली कार्रवाई के बाद विधायक ने धरना समाप्त कर दिया, लेकिन क्षेत्र में अवैध रेत खनन का मुद्दा एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।

Exit mobile version