DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सक्ती में मोबाइल-बाइक चोरी का आरोपी गिरफ्तार:चोरी का सामान बेचने ग्राहक तलाश रहा था, बुधवारी बाजार में घेराबंदी कर पकड़ा

सक्ती। सक्ती जिले में पुलिस ने मोबाइल और नगदी चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी का माल बरामद किया है। आरोपी चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। पुलिस ने उसे बुधवारी बाजार सक्ती में घेराबंदी कर पकड़ा।

मामला सक्ती थाना क्षेत्र में सोंठी रेलवे फाटक के पास का है। ग्राम गीधा निवासी गिरधर दास महंत ने 13 सितंबर को सक्ती थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि 12 सितंबर की शाम करीब 4 बजे वह चाय-नाश्ता कर रहे थे।

इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैग से 4 हजार रुपए कीमत का OPPO A53 मोबाइल और 6 हजार रुपए नगद चोरी कर लिए। रिपोर्ट पर सक्ती थाने में अपराध क्रमांक 386/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और मुखबिरों को सक्रिय किया।

मोबाइल और बाइक बेचने ग्राहक तलाश रहा था

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बुधवारी बाजार में एक व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AT 4860, हल्के हरे रंग का OPPO A53 मोबाइल और काले रंग का एक अन्य OPPO मोबाइल मिला।

दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी

पुलिस ने बरामद सामान के दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई कागज नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की। उसने बताया कि वह चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था।

रायगढ़ का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान रायगढ़ निवासी सुशील देवांगन (43) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में चोरी की अन्य घटनाओं और बरामद सामान को लेकर आगे की जांच की जा रही है।

Exit mobile version