DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

गोंगपा विधायक तुलेश्वर मरकाम का मोबाइल हैक:परिचितों को व्हाट्सएप पर भेजकर मांगे जा रहे 76 हजार, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। कोरबा के पाली-तानाखार विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम को साइबर ठगों ने निशाना बनाया है। उनका मोबाइल हैक कर वाट्सऐप नंबर से परिचितों, कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों को पैसे मांगने के मैसेज भेज रहे हैं। मैसेज में 76 हजार रुपए की अर्जेंट जरूरत बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, विधायक मरकाम के पास पार्सल से जुड़ा कॉल आया था। इस पर बातचीत के कुछ देर बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उनके वाट्सऐप नंबर से लोगों को लगातार मैसेज भेजे जाने लगे। इनमें तत्काल 76 हजार रुपए की जरूरत बताकर पैसे मांगे जा रहे थे।

कई लोगों को लगा कि विधायक को वास्तव में पैसों की जरूरत है। वहीं, कुछ जागरूक शुभचिंतकों ने विधायक को सीधे फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद पता चला कि उनका मोबाइल हैक हो चुका है और उनके नंबर से फर्जी मैसेज भेजे जा रहे हैं।

विधायक ने सोशल मीडिया पर किया अलर्ट

मामले की जानकारी मिलते ही विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने शुभचिंतकों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों को अलर्ट किया। उन्होंने सोशल मीडिया और फोन के जरिए बताया कि उनका नंबर हैक हो गया है। उन्होंने लोगों से पैसे मांगने वाले किसी भी मैसेज पर भरोसा नहीं करने की अपील की।

कहा- मुझे पैसों की जरूरत नहीं

विधायक ने साफ किया कि उन्हें किसी भी तरह के पैसों की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वाट्सऐप से पैसे मांगने वाले मैसेज हैकर्स की ओर से भेजे जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह के झांसे में नहीं आने की अपील की।

पुलिस ने साइबर सेल को भेजा मामला

विधायक ने मामले की सूचना पाली थाना प्रभारी को दी है। पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि विधायक ने मोबाइल हैक होने की जानकारी दी है। मामले को साइबर सेल के पास भेजा गया है। पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने कहा- पैसे भेजने से पहले करें पुष्टि

इस तरह के साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब जनप्रतिनिधियों के नंबर से भी पैसे मांगने के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी परिचित के नंबर से पैसे मांगने का मैसेज आए तो पहले संबंधित व्यक्ति को फोन कर इसकी पुष्टि करें। इसके बाद ही कोई रकम भेजें।

Exit mobile version