DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जांजगीर-चांपा में किसानों को मिली आधुनिक खेती की जानकारी:बैरिस्टर छेदीलाल स्मृति समारोह में कृषि वैज्ञानिकों ने दिए फसल विविधीकरण के टिप्स

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा में बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल स्मृति समारोह के दूसरे दिन कृषि विज्ञान केंद्र जर्वे में कृषक संगोष्ठी हुई। इसमें जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप शामिल हुए। जिलेभर से आए किसानों ने संगोष्ठी में उत्साह से भाग लिया।

संगोष्ठी में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, दलहन-तिलहन फसलों, फसल चक्र और खेती की नई तकनीकों की जानकारी दी। साथ ही, सरकारी योजनाओं और नीतियों के बारे में भी बताया।

किसानों को फसलों को बीमारियों से बचाने, उत्पादन बढ़ाने और मिट्टी की सेहत बनाए रखने के उपाय भी बताए गए। उन्हें जैविक खेती से लेकर मछली पालन तक की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सब्जी उत्पादन और कुक्कुट पालन जैसी खेती से जुड़ी गतिविधियों की भी जानकारी दी गई। कृषि वैज्ञानिकों ने फसल विविधीकरण, जल संरक्षण, अच्छे बीज और उन्नत कृषि तकनीकों पर किसानों का मार्गदर्शन किया।

इस दौरान किसानों की समस्याएं और सुझाव भी सुने गए। किसानों को खेतों का दौरा भी कराया गया, जहां उन्होंने आधुनिक खेती के तरीकों को सीधे देखा।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ब्यास कश्यप और अन्य जनप्रतिनिधियों ने अलग-अलग स्टॉलों और कृषि यंत्र प्रदर्शनी देखी। विधायक ने कहा कि जांजगीर-चांपा खेती के लिए एक समृद्ध जिला है।

उन्होंने बताया कि समतल भूमि, नहरों और पर्याप्त पानी के कारण यहां खेती की बहुत संभावनाएं हैं। उन्होंने किसानों से धान के साथ दूसरी फसलें भी उगाने और फसल चक्र अपनाने की अपील की।

विधायक ने गेहूं, चना सहित अन्य फसलों की खेती को बढ़ावा देने और खेतों की मेड़ व खाली पड़ी जमीन का बेहतर इस्तेमाल करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य टंकेश्वर यादव, प्रगतिशील किसान दुष्यंत सिंह, जर्वे सरपंच कोमल कश्यप, शाकम्भरी बोर्ड के सदस्य बसंत पटेल, सनत कुमार पटेल, शिवकुमार तिवारी, संदीप तिवारी मौजूद रहे। इनके अलावा, कृषि और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान भी उपस्थित थे।

Exit mobile version