DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

मोदी ने राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई:सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी; बोले- उनके बिना आज के भारत की कल्पना करना भी मुश्किल

अहमदाबाद, एजेंसी। PM नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के बिना आज के भारत की कल्पना करना भी मुश्किल है।

इससे पहले वे सुबह ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पहुंचे और श्रद्धांजलि दी। यहां उन्होंने 400 करोड़ रुपए से ज्यादा की विकास योजनाओं का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने रेन फॉरेस्ट और वामन वृक्ष वाटिका का दौरा किया।

कठिन समय में देश के भीतर की ताकतें अस्थिरता पैदा करने में जुट गई थीं

जब कठिन समय में देश बाहरी चुनौतियों के समाधान तलाश रहा था। उस समय देश के भीतर की ताकतें अस्थिरता पैदा करने में जुट गई थीं लेकिन देशवासी एक रहे। यही हमारा सबसे बड़ा आधार है।

डीबीटी के जरिए दिल्ली से निकला एक-एक पैसा गरीब तक पहुंचा

कुछ दिन पहले ही वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट आई है। यह बताती है कि 50 करोड़ भारतीयों ने गरीबी को परास्त किया है। पहले जहां 100 में से 27 लोग भीषण गरीबी की चपेट में थे आज यह संख्या कम होते-होते 100 में से सिर्फ 3 से कम रह गई है।

पूरी दुनिया मान रही है कि यह बहुत बड़ी सिद्धि है। ये सब हुआ कैसे, वो इसलिए हुआ कि पिछले 12 साल से देश गरीब कल्याण को प्राथमिकता दे रहा है। इन सालों में लीकेज प्रूफ व्यवस्था मिली।

डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीबीटी के जरिए दिल्ली से निकला एक-एक पैसा गरीब तक पहुंचा। मुफ्त राशन ने गरीब की जेब में पैसा बचाया। गरीब का जीवन आसान किया। करोड़ों को बीमा की सुरक्षा मिली।

जिन्होंने गरीबी हटाओ के नारे लगाए वो खुद अमीर होते चले गए

जिन युवाओं के सामने कभी अनिश्चितता थी। उनके लिए आगे बढ़ने के अवसर हैं। इस बार नक्सल पीड़ितों के परिवार अतिथि हैं। मैं उन जवानों को भी नमन करता हूं, जिन लोगों ने शांति स्थापित करने के लिए बलिदान दिया।

आज भारत पहले से अधिक सुरक्षित संकल्पित है। इसका एकमात्र कारण देशवासियों का बढ़ा हुआ आत्म विश्वास है। यह संकल्पसिद्धि से आता है।

भारत में गरीबी हटाने की बातें आजादी के बाद से ही चली आ रही हैं। इसके नाम पर वोट मांगे गए लेकिन देश में गरीबी की क्या स्थिति रही यह हम सभी जानते हैं। जिन्होंने गरीबी हटाओ के नारे लगाए वो खुद अमीर होते चले गए हालात में बदलाव आना शुरु हुआ कुछ साल में ही।

मोदी बोले- देश में नक्सलवाद की कमर तोड़ी जा चुकी

पिछले 2 साल में देश ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। मैंने यहीं कहा था- जब तक देश नक्सलवाद माओवादी आतंक से पूरी तरह मुक्त नहीं हो जाता हम चैनसे बैठने वाले नहीं हैं। ठीक एक साल बाद आज जब हम यहां हैं तो वह संकल्प पूरा हो चुका है।

आज देश में नक्सलवाद की कमर तोड़ी जा चुकी है। 2015 में देश के 126 जिले प्रभावित थे। मार्च 2026 तक ऐसा कोई जिला नहीं रह गया जो अब भी नक्सलवाद से प्रभावित हो।दशकों तक हिंसा खून खराबे से पीड़ित जिले मुख्य धारा का हिस्सा बन रहे हैं।

मोदी ने कहा- सरदार पटेल ने हमें प्रगति की राह बताई

वे जानते थे कि भारत की विविधता ही उसकी एकता का आधार है। हम हजारों साल से इसी तरह जीते आए हैं। सरदार पटेल ने एक बार फिर उसी भारत की नींव रखी। उन्होंने देश के भूगोल को ही नहीं जोड़ा उन्होंने भावनात्मक एकता के सूत्र में भी पिरोया। सोमनाथ मंदिर के निर्माण के रूप में सांस्कृतिक एकता भी बनाए रखी।

इस साल उस काम को भी 75 साल पूरे हो रहे हैं। उसी गौरव ने हमेें सोमनाथ स्वाभिमान पर्व की प्रेरणा दी। जिसे देश पूरे उत्साह से मना रहा है।

आज दुनिया के मंच पर भारत का बढ़ता कद और काशी विश्वनाथ से राममंदिर तक देश जिस दिशा में आगे बढ़ रहा है वह राह हमें सरदार पटेल ने दिखाई है।

मोदी बोले- सरदार पटेल ने भारत के वर्तमान स्वरूप को गढ़ा

मैं सरदार पटेल के चरणों में श्रद्धा से नमन करता हूं। वे भारत के इतिहास का महान व्यक्तित्व हैं जिनके बिना आज के भारत की कल्पना भी मुश्किल है। सरदार पटेल ने भारत के वर्तमान स्वरूप को गढ़ा है। विभाजन के बाद भी जिन्हेोंने हिमालय से कन्याकुमारी तक भारत को एक रखा , वह केवल सरदार पटेल ही कर सकते थे।

मोदी ने कहा-स्वतंत्रता को सही क्षमता मिलती है गणतंत्र से

सरदार पटेल जिन्होंने आजादी के बाद 550 से ज्यादा रियासतों को एक किया। देश को एकता के सूत्र में पिरोया। किसी भी देश के लिए आजादी जरूरी हाेती है। जब आजादी होती है तब देश अपने भविष्य का निर्णय खुद करता है। लेकिन स्वतंत्रता को सही क्षमता मिलती है गणतंत्र से।

इस साल एकता दिवस की परेड अद्भुत रही है। देश की विरासत आकांक्षाएं आज ये सब जातियों के माध्यम से भी देश के सामने आई हैं। इसलिए यह केवल आयोजन तक सीमित नहीं है जनभागीदारी से जन उत्सव भी बन गया है।

मोदी बोले- एकता हमें राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने की शक्ति देती है

इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा- मैंने कल भारत पर्व में कई प्रस्तुतियां देखीं। आज हम यहां हैं। दुनिया की यह सबसे ऊंची प्रतिमा, इसके निर्माण में लगी देश की भागीदारी, इस जगह की आभा, एकता दिवस की असाधारण ऊर्जा और प्रेरणा यहां आकर मन गर्व और कृतज्ञता से भर जाता है।

संविधान हमें जनता के प्रति जवाबदेह रखता है। एकता हमें राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने की शक्ति देती है। इसलिए हमारे देश में स्वतंत्रता दिवस गणतंत्र दिवस और एकता दिवस तीनों राष्ट्रीय पर्वों को उत्साह से मनाया जाता है।

Exit mobile version