DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

मोदी कानपुर में पहलगाम हमले के पीड़ित परिवार से मिले:मृतक की पत्नी के आंसू देखकर भावुक हुए, पिता से बोले-ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं

कानपुर,एजेंसी। पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार को कानपुर पहुंचे। उन्होंने पहलगाम हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के परिवार से 8 मिनट मुलाकात की। चकेरी एयरपोर्ट पर पीएम मोदी के सामने शुभम की पत्नी ऐशन्या, पिता संजय, मां सीमा भावुक हो गईं। सभी ने रोते हुए हाथ जोड़े। कहा, हमारे बेटे की मौत जाया न होने पाए।

शुभम की पत्नी ऐशन्या फफक-फफक रोने लगीं। मोदी भी उनके आंसू देखकर भावुक हो गए। कहा- आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर थमा है…खत्म नहीं हुआ, यह आगे भी जारी रहेगा। पीएम मोदी ने पिता संजय द्विवेदी के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें ढांढस बंधाया।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकियों ने 26 पर्यटकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। कानपुर के शुभम को उनकी पत्नी ऐशन्या के सामने आतंकियों ने गोली मारी थी। शुभम की पत्नी ऐशन्या ने पति को शहीद का दर्जा देने की मांग की थी।

पीएम मोदी ने जनसभा में कहा-

पहलगाम के कायराना हमले में हमारे कानपुर के बेटे शुभम द्विवेदी भी बर्बरता का शिकार हुए। बेटी ऐशन्या की वो पीड़ा, वो कष्ट और भीतर का आक्रोश हम सब महसूस कर सकते हैं। हमारी बहनों-बेटियों का वही आक्रोश ऑपरेशन सिंदूर के रूप में पूरी दुनिया ने देखा है।

पीएम मोदी से शुभम के पिता संजय, मां सीमा और पत्नी ऐशन्या ने मुलाकात की।

शुभम के परिवार से क्या बात हुई, ये विस्तार से पढ़ें

ऐशन्या ने PM से कहा- वो देश के हिंदू-मुस्लिम को बांटने आए थे PM से मुलाकात के बाद ऐशन्या ने कहा- मेरे 2 ओपिनियन थे। वह उन्होंने पूरे सुने। मैंने उनसे कहा- कश्मीर में चीजें सही हो रही थीं, शायद आतंकी इसको खत्म करने के लिए आए थे। मुझे ये भी लगता है कि वह हिंदुस्तान के हिंदू-मुस्लिम को अलग करने की कोशिश करने आए थे। वो धर्म पूछकर हमें मार रहे थे। हमें बांटना चाहते थे।

पीएम ने हमारी पूरी बात को सुना। उन्होंने कहा- मुझे भी ऐसा ही लगता है। आतंकियों ने इसलिए धर्म पूछकर मारा। पूरा देश आपके साथ खड़ा है।

पीएम से 8 मिनट की मुलाकात के बाद शुभम का परिवार अपने घर के लिए रवाना हो गया।

ऐशन्या ने कहा- पीएम यहां सिर्फ अपनी संवेदना व्यक्त करने आए थे। वो दुखी थे, उनके चेहरे से वो दुख के भाव झलक रहे थे। पापा के कंधे पर हाथ रखकर उन्होंने दिलासा दी। पर्सनली उन्होंने मुझसे पूरा घटनाक्रम पूछा। उन्होंने कहा- ये लड़ाई खत्म नहीं हुई। ये लड़ाई अभी चलेगी। उन्हें हमारे परिवार के बारे में पहले से पूरी जानकारी थी।

Exit mobile version