DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

मोदी बोले- मीराबाई के आंसू गोल्ड मेडल जैसे लगे:बॉक्सर नरेंद्र ने पाकिस्तानी प्लेयर का नरेंद्र नाम से नफरत वाला किस्सा सुनाया, PM हंस दिए

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस मुलाकात का वीडियो सोमवार को यूट्यूब पर लाइव किया गया।

पीएम मोदी ने बातचीत की शुरुआत में कहा, पिछले 10-12 सालों में अगर मैं इस आवास पर नियमित रूप से किसी से मिला हूं, तो वे खिलाड़ी हैं। 10-12 सालों में खिलाड़ियों की मेहनत, लगातार सफलता और नई ऊंचाइयों को छूने की परंपरा ने देश का मान बढ़ाया है।

PM मोदी की खिलाड़ियों के साथ बातचीत

चानू बोलीं- मैं अपने आंसू नहीं रोक सकी

PM मोदी ने वेटलिफ्टर मीराबाई चानू से कहा, आपके इतने आंसू टपक रहे थे कि मुझे लगा, हर बूंद से जैसे गोल्ड मेडल टपक रहा हो। चानू ने कहा,

पेरिस ओलिंपिक में मेडल से चूकने के बाद पिछले चार साल मेरे लिए बेहद मुश्किल रहे। इस दौरान मुझे लगातार चोटों और पारिवारिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने के बाद जब मैं पोडियम पर खड़ी थी और राष्ट्रगान बज रहा था, तब मैं अपने आंसू नहीं रोक सकी।

चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में विमेंस वेटलिफ्टिंग की 48 kg वेट कैटेगरी में कुल 190 किलो वजन उठाकर गोल्ड जीता था।

बेरवाल ने सुनाया पाकिस्तानी बॉक्सर का किस्सा

नरेंद्र बेरवाल ने 2015 वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स का एक मजेदार किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि उनका पहला मुकाबला पाकिस्तान के बॉक्सर से था। मुकाबले से पहले भारतीय सेना की ओर से उन्हें फोन आया था। कहा गया था कि पाकिस्तान से मुकाबला नहीं हारना है।

बेरवाल ने फाइट जीत ली। दोनों बॉक्सर इस दौरान चोटिल भी हुए। इसके बाद इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। वहां पाकिस्तानी बॉक्सर ने बेरवाल से कहा- भाईजान, एक बात बोलूं, आपका नाम नरेंद्र है, आपके कोच का नाम नरेंद्र है और आपके प्रधानमंत्री का नाम भी नरेंद्र है।

इसके बाद उसने मजाक में कहा कि उसे ‘नरेंद्र’ नाम से ही नफरत हो गई है। किस्सा सुनकर पीएम मोदी भी हंस पड़े।

जादुमणि बोले- पाकिस्तानी बॉक्सर को हराना तय कर लिया था

बॉक्सर जादुमणि सिंह ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले का अनुभव साझा किया। उन्होंने 26 जुलाई को प्री-क्वार्टरफाइनल में पाकिस्तान के रहमान सुमामा को 5-0 से हराया था। मुकाबला कारगिल विजय दिवस के दिन हुआ था।

जादुमणि ने कहा कि वे भारतीय सेना से जुड़े हैं। इसलिए उन्होंने पहले ही तय कर लिया था कि पाकिस्तान को हराना है। जीत के बाद उन्होंने अपना मेडल कारगिल के वीरों को समर्पित किया। पीएम मोदी ने भी उनके इस जज्बे की तारीफ की।

सीमा बोलीं- अब दोस्तों से कहूंगी, हां मोदी जी से मिली हूं

हरियाणा की सीमा कालीरमन ने भी मुलाकात का मजेदार किस्सा बताया। उन्होंने कहा कि उनके दोस्त अक्सर मजाक में पूछते थे- तुमने मोदी से मुलाकात कर ली।

सीमा ने कहा कि अब वह खुशी से उन्हें बता पाएंगी- हां, मैं मोदी जी से मिली हूं। सीमा ने डिस्कस थ्रो में 58.65 मीटर का थ्रो कर ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

लवलीना के गलत नक्शे पर आपत्ति की मोदी ने तारीफ की

मुलाकात में बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन का किस्सा भी सामने आया। ग्लासगो के एक रेस्टोरेंट में भारत का गलत नक्शा देखकर लवलीना ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने रेस्टोरेंट के कर्मचारियों से नक्शा ठीक करने को कहा था।

पीएम मोदी ने इस कदम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मेडल जीतने की खुशी के बीच भी लवलीना ने नक्शे की गलती पहचानी। यह घटना लंबे समय तक याद रखी जाएगी।

दिलीप ने मेडल अपने कोच को गिफ्ट किया

पैरा एथलीट दिलीप महादु गावित ने अपना मेडल कोच को डेडिकेट किया। उन्होंने बताया कि इवेंट के दिन गुरु पूर्णिमा थी। इसलिए उन्होंने मेडल अपने गुरु को गिफ्ट कर दिया।

दिलीप ने पैरा T47 कैटेगरी की 100 मीटर रेस में 10.71 सेकेंड का समय निकालकर गोल्ड जीता था।

मुक्केबाजों ने सबसे ज्यादा मेडल जीते

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने कुल 39 मेडल जीते। इनमें 13 गोल्ड शामिल रहे। बॉक्सिंग भारत का सबसे सफल खेल रहा। भारतीय बॉक्सरों ने 7 गोल्ड और 3 सिल्वर समेत 10 मेडल जीते।

एथलेटिक्स से 10, वेटलिफ्टिंग से 8, पैरा एथलेटिक्स से 6, जूडो से 4 और पैरा पावरलिफ्टिंग से 1 मेडल मिला। यानी भारत के 39 में से 37 मेडल पांच खेलों से आए।

Exit mobile version