DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

मोदी बोले- विपक्षी पार्टी मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है:वह OBC आरक्षण में कटौती को तैयार, नारी शक्ति वंदन बिल रोकना महिलाओं का अपमान

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को संविधान दिवस पर ब्लॉग लिखकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी OBC आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। संविधान निर्माता, खासकर डॉ. भीमराव आंबेडकर, इसके पूरी तरह खिलाफ थे।

मोदी ने नारी शक्ति वंदन बिल का जिक्र करते हुए लिखा कि विपक्ष के एक प्रमुख दल ने महिलाओं को आरक्षण देने के लिए लाए गए विधेयक को पारित नहीं होने दिया। इससे एक बार फिर साबित हो गया कि उस दल के मन में संवैधानिक मूल्यों के प्रति कितना कम सम्मान है।

पीएम बोले- नारीशक्ति को न्याय दिलाने का संकल्प नहीं रुकेगा

मोदी ने ब्लॉग में लिखा- इस साल के शुरू में जो हुआ, उसने हम सभी को शर्मसार कर दिया। संविधान की यात्रा उन महिलाओं को याद किए बिना पूरी नहीं हो सकती, जिन्होंने इसे बनाने में अहम भूमिका निभाई।

पीएम ने लिखा- मैं देश की नारीशक्ति को भरोसा दिलाता हूं कि उन्हें न्याय दिलाने के हमारे संकल्प को दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती।

मोदी बोले- नक्सलवाद ने गरीबों को संवैधानिक अधिकारों से दूर रखा

मोदी ने नक्सलवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा- दशकों तक देश के अनेक हिस्सों में, खासकर आदिवासी क्षेत्रों में, नक्सलियों ने बंदूक के दम पर सबसे गरीब व्यक्ति को उन अधिकारों से वंचित रखा, जो हमारे संविधान ने उसे दिए हैं। इस साल नक्सलवाद के खात्मे से मुझे विशेष संतोष मिला है।

मोदी बोले- 1951 और 42वें संविधान संशोधन से संविधान कमजोर हुआ

मोदी ने 1951 में हुए पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संशोधन का जिक्र किया। उन्होंने कहा- पहले संशोधन से नागरिकों की मौलिक स्वतंत्रता प्रभावित हुई। उस समय अंतरिम संसद ने अपने बहुमत का इस्तेमाल कर यह संशोधन किया था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आपातकाल के दौरान हुए 42वें संशोधन ने न्यायिक समीक्षा की शक्ति सीमित की और देश की संस्थाओं के बीच शक्तियों का संतुलन बदला। मोदी ने आरोप लगाया कि तब की सरकारों ने चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए अनुच्छेद 356 का बार-बार इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि एक राजनीतिक दल के नाम करीब 100 बार इस अनुच्छेद के इस्तेमाल का रिकॉर्ड है।

संविधान का नया संस्करण 22 भाषाओं में जारी

प्रधानमंत्री ने कहा कि 1950 के बाद पहली बार संविधान का अपडेटेड संस्करण आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। इससे संविधान आम लोगों के और करीब आया है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता का भी जिक्र किया।

मोदी ने कहा कि आजादी के बाद भी देश में अंग्रेजों के समय की दंड संहिता लागू थी। भारतीय न्याय संहिता के जरिए आपराधिक न्याय व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पहले की व्यवस्था में दंड पर जोर था, जबकि नई व्यवस्था में नागरिक और न्याय को महत्व दिया गया है।

महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी, लोकसभा सीटें 850 होंगी

सरकार लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने की तैयारी कर रही है। यह बदलाव परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा है। इससे पहले 15 से 17 अप्रैल तक संसद का विशेष सत्र बुलाया गया था। इसमें परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े बिलों पर चर्चा हुई थी, लेकिन जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण बिल पारित नहीं हो सके।

उस दौरान लोकसभा में 528 सांसदों ने वोट डाले थे। बिल के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। इसे पास कराने के लिए 352 वोटों की जरूरत थी। इस तरह बिल 54 वोट से पारित नहीं हो सका।

PM ने 15 दिसंबर से पहले संसद सत्र बुलाने को कहा

प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों से 15 दिसंबर से पहले संसद के अगले सत्र की तैयारी पूरी करने को कहा है। बुधवार को कैबिनेट बैठक में उन्होंने मंत्रियों को सत्र से पहले विदेश यात्रा से बचने की सलाह भी दी।

PTI के सूत्रों के मुताबिक, मोदी चाहते हैं कि सत्र 15 दिसंबर से पहले बुलाया जाए। हालांकि, सत्र की तारीख और अवधि संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति तय करेगी।

Exit mobile version