DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बिलासपुर में महापुरुषों की प्रतिमाओं से छेड़छाड़:सीसीटीवी में विक्षिप्त महिला की करतूतें दिखीं, पुलिस ने केस दर्ज किया

बिलासपुर, एजेंसी। बिलासपुर शहर के अलग-अलग चौराहों पर लगी महापुरुषों की प्रतिमाओं पर गुरुवार को कपड़े और दूसरी चीजें लटकी मिलीं। इसके बाद कुछ सामाजिक संगठनों ने इसका विरोध किया। मामला सामने आने पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान CCTV फुटेज में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला प्रतिमाओं पर कपड़े बांधते हुए दिखाई दी।

पुलिस के मुताबिक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर ताश के पत्ते, नशे से जुड़ा सामान और कपड़े बांधे गए थे। महिला ने प्रतिमा के गले में भी कपड़ा बांध दिया था।

वहीं, कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ भी छेड़छाड़ की गई। प्रतिमा का चश्मा हटा दिया गया था। इसके अलावा गांधी जी की कमर पर धोती और सिर पर कपड़ा बांधा गया था। उनके हाथ-पैर में बैंड भी पहनाया गया था।

इसी तरह सरकंडा थाना क्षेत्र के सीपत चौक पर नेता सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर भी कपड़े बांधे गए थे। जानकारी मिलने के बाद संबंधित थानों के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और प्रतिमाओं से कपड़े और अन्य सामान हटवाया। पुलिस ने शहर में लगी दूसरी प्रतिमाओं की भी जांच कराई।

CCTV में दिखी महिला

एएसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि गर्ल्स डिग्री कॉलेज के सामने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ किसी अज्ञात व्यक्ति ने छेड़छाड़ की है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी गई। इसमें एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला प्रतिमा पर कपड़े बांधते हुए दिखाई दी। पुलिस अब महिला की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि महिला के मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और उसे मानसिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा जाएगा।

Exit mobile version