DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

4 राज्यों में पहुंचा मानसून, महाराष्ट्र में तेज बारिश:जून के पहले हफ्ते में MP में एंट्री संभव; दिल्ली में 49 फ्लाइट्स डायवर्ट, हिमाचल में बादल फटा

नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ,एजेंसी।केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु के बाद मानसून की एंट्री महाराष्ट्र में हो गई है। रविवार को पश्चिमी महाराष्ट्र के जिलों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सतारा, पुणे, कोल्हापुर सहित पहाड़ी इलाकों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुंबई और कोंकण में प्री-मानसून बारिश ने दस्तक दे दी है।

मध्य प्रदेश में भी समय से पहले मानसून की एंट्री हो सकती है। जून के पहले हफ्ते में तेज बारिश का दौर शुरू होगी। आमतौर पर राज्य में इसकी एंट्री 16 जून के आस-पास होती है। पिछले साल 21 जून मानसून आया था।

दिल्ली में शनिवार रात आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हुई। इसके चलते 100 से ज्यादा फ्लाइट प्रभावित हुईं। दिल्ली एयरपोर्ट ने बताया कि रात 11:30 बजे से सुबह 4:00 बजे तक 49 फ्लाइट्स डायवर्ट की गई।

मौसम विभाग ने बताया कि रात 11:30 बजे से सुबह 5:30 बजे तक 82 kmph की रफ्तार से आंधी चली और 3.2 इंच (81.2 mm) तक बारिश हुई। मिंटो रोड, मोती बाग और दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-1 की सड़कों पर पानी भर गया।

UP के गाजियाबाद में ACP ऑफिस में बने कमरे की छत गिरी, जिसमें SI की मौत हुई है।

हिमाचल, राजस्थान और यूपी के मौसम का हाल

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में शनिवार शाम बादल फटने के कारण बाढ़ की स्थिति बन गई। इससे 25 से ज्यादा वाहनों को नुकसान पहुंचा। पहाड़ों से गिर रहे मलबे से हिंदुस्तान-तिब्बत रोड और नेशनल हाईवे-5 बंद हो गया।

राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में घर की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। बीकानेर, सीकर और झुंझुनू में शनिवार देर रात आंधी की वजह से इलेक्ट्रिक पोल और पेड़ उखड़ गए।

हनुमानगढ़ में सबसे ज्यादा 53 mm बारिश हुई, जबकि बाड़मेर का तापमान सबसे ज्यादा 47.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से 5.3 डिग्री ज्यादा है।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कल रात आई आंधी-बारिश के चलते ACP ऑफिस में बने कमरे की छत गिर गई। इसमें दबने से सब इंस्पेक्टर (SI) वीरेंद्र मिश्रा की मौत हो गई।

केरल के सभी जिलों में भारी बारिश

24 मई को मानसून की एंट्री के बाद से केरल के सभी जिलों में भारी बारिश जारी है। 25 मई को भी तेज हवा और बारिश जारी है। इसके कारण कई पेड़ उखड़ गए, घर क्षतिग्रस्त हो गई, कई नदियों के उफान पर होने के चलते बांध ओवरफ्लो हो गए। इसके चलते कुछ बांधों के शटर खोले गए।

वायनाड के लैंडस्लाइड प्रभावित इलाके चूरलमाला में 24 मई की रात से तेज बारिश जारी है। लोगों को दोबारा लैंडस्लाइड का डर सता रहा है। चूरलमाला-मुंडक्कई इलाके से गुजरने वाली पुन्नपुझा नदी का वाटर लेवल बढ़ा है।

पथानामथिट्टा के एजमकुलम में पेड़ उखड़कर कच्चे घर पर जा गिरा। कोझिकोड और कासरगोड में भी पेड़ गिरे। अधिकारी के मुताबिक रविवार सुबह इडुक्की के मलंकारा बांध के पांच शटर खोले गए हैं।

देश के 21 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

वहीं, मौसम विभाग ने आज देश के 21 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तराखंड में ओले गिरने और राजस्थान में धूल भरी आंधी-हीटवेव की चेतावनी दी है। वहीं, आज से नौतपा की भी शुरुआत हो रही है, जो 2 जून तक रहेगा। इस दौरान भीषण गर्मी होती है।

Exit mobile version