रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिसे लेकर मौसम विभाग का कहना है कि 11 जून से आंधी-बारिश की गतिविधियों में और तेजी आएगी।

इसी के साथ अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। हालांकि पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन सोमवार शाम रायपुर और दुर्ग जिले के कई इलाकों में जमकर बादल बरसे।
वहीं इस दौरान प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 43.5 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तस्वीर दुर्ग जिले के भिलाई शहर की है, जहां सोमवार शाम को तेज बारिश हुई।
रायपुर के कई इलाकों में भी सोमवार शाम को बारिश हुई, हालांकि इससे गर्मी से राहत नहीं मिली।
40-50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग ने आज (बुधवार) के लिए प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ते हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसके अलावा हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। अगले दो दिनों तक भी इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान है।
रायपुर का मौसम
आज बादल छाए रह सकते हैं। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
