DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

रायपुर में ट्रक ने मां-बेटी को कुचला, दोनों की मौत:कोरिया में बस-बोलेरो की टक्कर, महिला की गई जान; 4 बच्चों समेत 14 घायल

रायपुर/ कोरिया, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में मां-बेटी समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। पहला हादसा रायपुर के VIP चौक पर हुआ, जहां ट्रक ने स्कूटी सवार मां-बेटी को रौंद दिया। मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। 9 साल की बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

वहीं, दूसरा हादसा कोरिया जिले के जमदुआरी घाट पर हुआ, जहां तेज रफ्तार बस और बोलेरो की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई। इस हादसे में चार बच्चों समेत 14 लोग घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

रायपुर VIP चौक पर ट्रक ने स्कूटी सवार मां-बेटी को रौंद दिया।

घटना के बाद लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी।

कोरिया में रांची से चिरमिरी जा रही बस और बोलेरो के बीच टक्कर हो गई।

कोरिया में रांची से चिरमिरी जा रही बस और बोलेरो के बीच टक्कर हो गई।

केस 1: रायपुर में ट्रक ने मां-बेटी को रौंदा

टेमरी गांव की रहने वाली गंगा साहू (35) और उनकी बेटी रितिका साहू (9) स्कूटी पर सवार होकर रायपुर शहर की तरफ आ रही थीं। दोपहर में VIP चौक पर ट्रक (नंबर MH15EG7219) ने उन्हें रौंद दिया।

हादसा इतना गंभीर था कि मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर हालत में बेटी को मेकाहारा लाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के बाद चौक पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

VIP चौक पर पहले भी हुए कई बड़े हादसे

VIP रोड पर हुआ यह हादसा पहला नहीं है। इससे पहले भी यहां ट्रक की चपेट में आने से कई बड़े हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं को लेकर ग्रामीण प्रदर्शन भी कर चुके हैं।

कोरिया हादसे में टक्कर के बाद बोलेरो की हालत।

केस 2 : कोरिया में बस-बोलेरो की टक्कर, महिला की मौत

दूसरा हादसा कोरिया जिले में रविवार सुबह नेशनल हाईवे-43 पर हुआ। चरचा थाना क्षेत्र के नगर जंगल में रांची से चिरमिरी जा रही राजहंस बस और बोलेरो के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार महिला रितु सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, मनेंद्रगढ़ के खोंगापानी निवासी श्रद्धालु रविवार सुबह बोलेरो में सवार होकर कुदरगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान जमदुआरी घाट के पास उनकी बोलेरो की बस से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

चार बच्चों समेत 14 लोग घायल, 2 की हालत गंभीर

हादसे की सूचना मिलने पर चरचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। सभी घायलों को बैकुंठपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

पहले भी हो चुके हैं कई हादसे

कोरिया जिले में जिस जमदुआरी घाट पर यह हादसा हुआ, वहां पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इस जगह को नेशनल हाईवे ने ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया है। इसके बावजूद यहां एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। पुलिस दोनों सड़क हादसों की जांच कर रही है।

Exit mobile version