DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकूड़ा में मनाया गया मातृ-पितृ दिवस

बच्चों में संस्कार का बीज डालना उद्देश्य – लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल
विद्यालय परिसर का दृश्य ऐसा मानो बच्चे गुरूकुल में पढ़ने आए हों

कोरबा/मड़वारानी। एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकूड़ा, मड़वारानी में आज मातृ-पितृ पूजन दिवस का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। श्री योग वेदांत सेवा समिति, कोरबा के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव से बचाकर भारतीय संस्कारों से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती अशोका बाई कंवर (अध्यक्ष, जनपद पंचायत करतला) एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती सरिता कंवर (सरपंच, ग्राम पंचायत दमखांचा) उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल की प्राचार्या श्रीमती शोमा सोनी ने की।


विद्यालय के चेयरमैन पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि माता-पिता बच्चों के प्रथम गुरु और देवता हैं। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने वैदिक पद्धति से अपने माता-पिता का तिलक लगाकर, आरती उतारकर और परिक्रमा कर पूजन किया। बच्चों ने इस दौरान भावुक होकर अपने माता-पिता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और अभिभावकों ने भी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।


संस्कार संवाद के माध्यम से बच्चों को माता-पिता की सेवा का महत्व समझाया गया। इस आयोजन ने समाज को यह संदेश दिया कि सच्चा प्रेम दिवस अपनी गौरवशाली संस्कृति और माता-पिता के सम्मान में निहित है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में बच्चों के साथ उनके अभिभावक उपस्थित थे। आज का दृश्य देखकर ऐसा लग रहा था, मानो वैदिक युग के गुरूकुल में बच्चे पढ़ने आए हैं। यहां की सुरम्य वादियां वैदिक काल के गुरूकुल की याद दिला रहा था।

Exit mobile version