सक्ती । प्रदेश के नवगठित जिला मुख्यालय सक्ती स्थित रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से रेल यात्री सुविधाओं सहित महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टॉपेज के लिए क्षेत्रवासी निरंतर मांग कर रहे हैं।
दुर्भाग्य है कि सक्ती रेलवे स्टेशन में आज तक रेल यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कोई पहल नहीं हुई है। सक्ती रेलवे स्टेशन में जिला मुख्यालय होने के बाद भी सुविधाएं अच्छी स्थिति में नहीं है। यहां पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। यह बातें कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरण दास महंत ने अपने पत्र में कही है। सांसद ज्योत्सना महंत ने बताया है कि प्रदेश के नवगठित जिला मुख्यालय होने के बावजूद यहां सुविधाओं की कमी है। इसे दूर करने के लिए रेलवे मंत्री को विशेष पहल की है। उन्होंने पत्र में स्टेशन में महिलाओं के लिए वातानुकूलित वेटिंग रूम, एक्सलेटर लगाने, टिकंट बुकिंग काउंटर की व्यवस्था करने, अक्षम, बुजुर्ग और विकलांग रेल यात्रियों के लिए व्हीलचेयर सहित स्टेशन के बाहर अटेंडर की व्यवस्था करने, स्टेशन में ठंडे पानी की समुचित व्यवस्था करने, प्लेटफॉर्म मंे शेड लगाने, समुचित प्रकाश की व्यवस्था करने, प्लेटफॉर्म मंे नए पंखें लगाने, स्टेशन के बगल में अंडरब्रिज बनाने व डिस्प्ले बोर्ड की व्यवस्था करने की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने स्टेशन में कई सुपरफास्ट ट्रेनों का स्टापेज देने की मांग की है।
