DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से श्रीमती कौशल्या यादव की रसोई हुई धुआंमुक्त

विष्णु भैया ने दिया सुविधा का संबल, आसान हुआ रोजमर्रा का जीवन

कोरबा 27 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना महिलाओं के जीवन में सुविधा और बदलाव की नई रोशनी लेकर आई है। स्वच्छ ईंधन की उपलब्धता से ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों की रसोई में जहां धुएं से राहत मिली है, वहीं महिलाओं के समय और मेहनत की भी बचत हो रही है। कोरबा जिले के ग्राम दादर खुर्द निवासी श्रीमती कौशल्या यादव, पति रूपचंद यादव, के लिए भी उज्ज्वला योजना ऐसी ही राहत और सुविधा लेकर आई है।
करीब एक वर्ष पहले श्रीमती यादव को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिला। इससे पहले उनके घर में खाना बनाने के लिए सिगड़ी, लकड़ी और कोयले का इस्तेमाल किया जाता था। पारंपरिक ईंधन से खाना बनाने में अधिक मेहनत लगती थी और रसोई धुएं से भर जाती थी। लकड़ी और कोयले की व्यवस्था करना भी रोजमर्रा के काम का हिस्सा था। कई बार ईंधन तैयार करने और चूल्हा जलाने में भी अतिरिक्त समय लग जाता था।
गैस कनेक्शन मिलने के बाद उनकी दिनचर्या में सहज बदलाव आया है। अब चूल्हा जलाने के लिए लकड़ी या कोयले की व्यवस्था करने की जरूरत नहीं पड़ती। गैस की सुविधा से कम समय में खाना तैयार हो जाता है और रसोई का काम भी पहले की तुलना में आसान हो गया है। वें बताती हैं कि अब उनका अधिक समय परिवार के दूसरे जरूरी कामों में लगाया जा सकता है।
अपने अनुभव साझा करते हुए श्रीमती कौशल्या यादव ने कहा, ’पहले सिगड़ी, लकड़ी और कोयले से खाना बनाते थे। चूल्हा जलाने और खाना बनाने में काफी मेहनत लगती थी और रसोई में धुआं भी होता था। अब गैस कनेक्शन मिलने से खाना बनाना बहुत आसान हो गया है। समय की भी बचत होती है और रोज की परेशानी कम हुई है।’
उन्होंने आगे कहा, ’विष्णु भैया ने हमारे बारे में सोचा और हमें गैस कनेक्शन देकर हमारा ख्याल रखा। हमारे जैसे परिवारों के लिए यह बहुत बड़ी सुविधा है। अब रसोई का काम पहले से आसान हो गया है। इसके लिए मैं विष्णु भैया का दिल से धन्यवाद करती हूं।’
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से स्वच्छ ईंधन की सुविधा मिलने से श्रीमती कौशल्या यादव के परिवार में रसोई से जुड़ी पुरानी परेशानियां कम हुई हैं। उनके लिए यह गैस कनेक्शन महज एक सुविधा नहीं, बल्कि रोजमर्रा के जीवन को सरल बनाने वाला ऐसा बदलाव है, जिसने खाना बनाने के काम को अधिक सहज और सुविधाजनक बना दिया है।

Exit mobile version