DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

एमएस धोनी क्रिकेटर से एक्टर बने:द चेज में दिखेंगे, टीजर में आर. माधवन के साथ फायरिंग करते दिखे कैप्टन कूल

मुंबई, एजेंसी। टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब एक्टिंग की दुनिया में अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। जल्द ही वह एक्टर आर. माधवन के साथ ‘द चेज’ में दिखेंगे।

रविवार को आर. माधवन ने इसका टीजर शेयर किया। इसमें धोनी और माधवन ब्लैक आउटफिट और सन ग्लासेस पहने हैं और हाथों में गन लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।

यह फिल्म है या वेबसीरीज, यह टीजर में क्लियर नहीं किया गया है। इसे वासन बाला ने डायरेक्ट किया है। वासन आलिया भट्ट की मूवी जिगरा के भी डायरेक्टर थे।

कार पर चढ़कर फायरिंग करते दिखे धोनी और आर. माधवन।

टीजर में धोनी का इंट्रो द कूल हीरो के तौर पर दिया गया है।

आर. माधवन ने इंस्टाग्राम पर टीजर पोस्ट किया

माधवन ने लिखा –

“वन मिशन। टू फाइटर्स। तैयार हो जाइए, धमाकेदार चेज शुरू होने वाली है। ‘द चेज’ टीजर अब आउट है। डायरेक्टेड बाय वासन बाला। कमिंग सून।”

हाल ही में माधवन फिल्म ‘आप जैसा कोई’ में नजर आए थे। वहीं, वह जल्द फिल्म ‘धुरंधर’ में दिखेंगे, जो 5 दिसंबर को रिलीज होगी।

इस फिल्म में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना और संजय दत्त भी नजर आएंगे। इसे ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ के डायरेक्टर आदित्य धर ने डायरेक्ट किया है। फिल्म को आदित्य धर, ज्योति देशपांडे और लोकेश धर ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।

धोनी की लाइफ पर फिल्म ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ बनी थी

धोनी के जीवन पर फिल्म ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ बन चुकी है। यह साल 2016 में रिलीज हुई थी। फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत ने धोनी का किरदार निभाया था। इसके अलावा दिशा पाटनी, कियारा आडवाणी, अनुपम खेर और भूमिका चावला जैसे कलाकार भी इसमें अहम भूमिकाओं में दिखे थे। करीब 104 करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 216 करोड़ रुपए कमाए थे।

2020 में इंटरनेशल क्रिकेट से संन्यास लिया था

धोनी फिलहाल इंटरनेशल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और IPL में CSK की ओर से खेलते हैं। धोनी ने 2004 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। 2007 में कप्तान बनकर उन्होंने भारत को टी-20 वर्ल्ड कप जिताया। 2011 में उन्होंने भारत को वनडे वर्ल्ड कप भी जिताया। उन्होंने 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।

IPL में सबसे ज्यादा मैच धोनी के नाम

IPL में सबसे ज्यादा मैच खेलने वालों में महेंद्र सिंह धोनी पहले पायदान पर हैं। वह अब तक 278 मैच खेल चुके हैं। धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार खिताब जिताया है। उन्होंने 38.30 की औसत से 5439 रन बनाए हैं। इस दौरान धोनी ने 24 अर्धशतक भी लगाए। उन्होंने विकेटकीपिंग में 47 स्टंपिंग और 154 कैच भी लपके हैं।

IPL में 100 मैच जीतने वाले इकलौते कप्तान

धोनी IPL में 100 मैच जीतने वाले एकमात्र कप्तान हैं। उन्होंने IPL में सबसे ज्यादा 235 मैचों में कप्तानी की है। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं। उन्होंने 158 मैचों में कप्तानी की है। धोनी ने अपनी कप्तानी में CSK को 2023 में आखिरी बार चैंपियन बनाया था। धोनी अपनी कप्तानी में टीम को 136 मैचों में जीत दिला चुके हैं, जबकि 97 में टीम को हार मिली।

Exit mobile version