कोरबा। कोरबा के जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पार्किंग अव्यवस्था के कारण मुक्तांजलि वाहन घंटों फंसी रही। इस लापरवाही के चलते दो शवों को ले जाने के लिए परिजन इंतजार करते रहे।
मुक्तांजलि वाहन के चालक रामेश्वर दास ने बताया कि उन्होंने अपनी गाड़ी निर्धारित स्थान पर खड़ी की थी। अस्पताल के अंदर जाने के बाद जब वे लौटे, तो देखा कि उनकी गाड़ी के सामने दो कारें और अन्य वाहन खड़े थे, जिनके चालक वहां से चले गए थे।
चालक ने बताया कि शव कक्ष में दो शव रखे हुए हैं, जिन्हें तुलसी नगर और कटघोरा क्षेत्र में पहुंचाना है। वाहन फंसने के कारण उन्हें कंपनी और पीड़ित परिवारों से नाराजगी झेलनी पड़ती है। परिजनों को अक्सर आक्रोशित होते देखा गया है।

किसी तरह की कोई व्यवस्था नहीं- मैनेजर
जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के वाहन स्टैंड के मैनेजर मुकेश सिंह ने स्वीकार किया कि स्टैंड में किसी तरह की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने बताया कि जब यह बात जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन के सामने रखी जाती है, तो उनका कहना होता है कि “जैसा है वैसी चलने दो।”
