कोरबा/दीपका। नगर पालिका दीपका के उपचुनाव के लिए जारी मतदान के दौरान आज उस समय अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई जब मतदान केंद्र पर फर्जी वोटिंग को लेकर पक्ष-विपक्ष और प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए, दोपहर लगभग 3:25 बजे हुए इस विवाद के कारण कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया बाधित रही ।

घटना का विवरण
दोपहर बाद जब मतदान अपनी पूरी गति पर था तभी कुछ मतदाताओं की पहचान को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ, उपस्थित प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कुछ बाहरी और अपात्र लोग फर्जी मतदाता बनकर वोट डालने की कोशिश कर रहे हैं। देखते ही देखते यह विरोध उग्र हो गया और मतदान केंद्र के बाहर जमकर नारेबाजी और हंगामा शुरू हो गया ।
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
मौके पर मौजूद विभिन्न पक्षों ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए मांग की कि:-
फर्जी तरीके से मतदान करने पहुंचे लोगों को तत्काल चिन्हित कर उन पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए ।
ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों को मतदान केंद्र के परिसर से तुरंत बेदखल किया जाए ।
मतदान की शुचिता बनाए रखने के लिए पहचान पत्रों की कड़ाई से जांच हो ।
पुलिस की सूझबूझ से थमा विवाद
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा, पुलिस के आला अधिकारियों ने आक्रोशित भीड़ को शांत कराया और निष्पक्ष चुनाव का आश्वासन दिया। कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद मामले को शांत कराया गया, स्थिति नियंत्रण में आने के बाद, मतदान की प्रक्रिया एक बार फिर सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से शुरू की जा सकी ।
वर्तमान स्थिति
वर्तमान में मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त बल तैनात है ।
