DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पुणे कोर्ट के बाहर हत्या के आरोपी के हाथ काटे:गोली मारी, 4 दिन पहले जेल से छूटा था, 6 हमलावर फरार

पुणे, एजेंसी। पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर बुधवार दोपहर करीब 1:15 बजे हत्या के आरोपी पर धारदार हथियारों से हमला हुआ। हमले में उसके दोनों हाथ कट गए। हमलावरों ने उसे गोली भी मारी।

पुलिस के मुताबिक, मंदार मारुति किवले पर 6 लोगों ने हमला किया। हमलावर दो स्कूटर से फरार हो गए।

घटना का वीडियो सामने आया है। इसमें दो लोग मंदार पर बार-बार कुल्हाड़ी से हमला करते दिखाई दे रहे हैं।

खून से लथपथ मंदार उठकर लड़खड़ाते हुए सड़क पार करने लगा। इसके बाद वह फुटपाथ पर गिर पड़ा। उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस को मौके से दो पिस्टल और एक मैगजीन मिली हैं।

खून से लथपथ मंदार ने सड़क पार किया। हथेली का कुछ हिस्सा शरीर से जुड़ा था।

सड़क पार करने के बाद वह होकर गिर पड़ा। इस दौरान कई लोग आसपास थे।

चार दिन पहले ही जेल से छूटा था मंदार

मंदार किवले अप्रैल 2025 में पुणे के संतोशनगर-कात्रज इलाके में शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या के मामले में आरोपी था। पुलिस के मुताबिक, यह हत्या जमीन और पैसों के विवाद में हुई थी।

इस मामले में मंदार को जेल भेजा गया था। वह चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस को आशंका है कि मंदार पर हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया।

पुलिस बोली- गोली लगने के निशान नहीं मिले

पुणे सिटी पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद कोर्ट परिसर में तैनात पुलिसकर्मी घायल को ससून अस्पताल ले गए। उसका इलाज जारी है।

डॉक्टरों ने बताया है कि मंदार के शरीर पर धारदार हथियार से चोटें हैं, लेकिन गोली लगने के निशान नहीं मिले हैं।

पुलिस ने मौके से दो हथियार भी बरामद किए हैं। पुणे DCP (क्राइम) गौहर हसन ने बताया कि संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें जुटी हैं।

पुलिस को घटनास्थल से दो पिस्टल और एक मैगजीन बरामद की है।

कांग्रेस और NCP ने सरकार पर उठाए सवाल

घटना के बाद कांग्रेस और NCP (SP) ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को निशाने पर लिया। फडणवीस के पास गृह विभाग की जिम्मेदारी भी है।

कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने सोशल मीडिया पर कहा कि पुणे में अपराध की घटनाएं हद पार कर चुकी हैं। अब अदालत के बाहर भी अपराधी खुलेआम हमला कर रहे हैं। इससे पता चलता है कि अपराधियों में कानून का डर नहीं बचा है।

NCP (SP) के प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने भी कहा कि अपराधियों में कानून का डर नहीं दिख रहा है। उन्होंने फडणवीस से सक्रिय कदम उठाने की मांग की।

मौके पर भारी संख्या में पुलिस पहुंची है। घटनास्थल की घेराबंदी की गई है।

Exit mobile version