DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

हत्या कर फेंका, तालाब किनारे मिला युवक का शव

जांजगीर। मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम कोसा में सोमवार सुबह एक 24 वर्षीय युवक का शव अम्हा तालाब के किनारे के पास मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी अमित भंडारी के रूप में हुई है।

शव औंधे मुंह पड़ा था और उसके शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने शव देख तत्काल मुलमुला पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची व घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड भी बुलाया गया। डॉग घटनास्थल से तालाब के पास खेतों के रास्ते होते हुए गांव के एक घर तक पहुंचा, जिसके बाद पुलिस उस दिशा में भी जांच कर रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संदिग्ध या आरोपी के नाम का खुलासा नहीं किया है। अमित भंडारी गांव में खेती-किसानी का कार्य करता था। मामला सुलझाने के लिए साइबर टीम की भी मदद ली जा रही है। टीम ने सीसी कैमरों के फुटेज जब्त कर लिए हैं।

प्रेमिका के घर भी गया था अमित का गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस संबंध को लेकर पहले भी विवाद की स्थिति बन चुकी थी। संदेह जताया जा रहा है कि रविवार को युवती के परिजनों ने अमित को मिलने के लिए बुलाया था। इसके अगले ही दिन सोमवार सुबह उसका शव तालाब किनारे मिला।

इस संबंध में एसडीओपी प्रदीप सोरी ने बताया कि युवक की हत्या की पुष्टि हो चुकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए कई अलग-अलग पहलुओं पर काम किया जा रहा है।

Exit mobile version