जांजगीर। जांजगीर जिले में बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक ली। इसमें जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक शामिल हुए। बैठक में बैंक शाखाओं में अलार्म सिस्टम, सीसीटीवी कैमरा और प्रशिक्षित सुरक्षा गार्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए। मुख्य शाखा से नकदी लाने-ले जाने के दौरान सशस्त्र गार्ड रखना जरूरी बताया गया। बैंक परिसर में सुरक्षा गार्ड को लगातार गश्त करने और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने को कहा गया।
बैंकों के बाहर ठेला वालों को हटाने के निर्देश भी दिए गए। ग्राहकों के आने-जाने का पंजी संधारण करने को कहा गया। सभी शाखा प्रबंधकों को नजदीकी थाना और पुलिस कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र के बैंकों के आसपास हथियारों के साथ सघन पेट्रोलिंग करें। रात में गश्त बढ़ाएं और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करें। बैठक का उद्देश्य जिले में लूट और चोरी की घटनाओं को रोकना था।
