नई दिल्ली,एजेंसी। मोदी सरकार के सोमवार को 11 साल पूरे हो गए। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सरकार के कामकाज, फैसलों और नीतियों पर भाजपा हेडक्वार्टर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
उन्होंने कहा- नोटबंदी के दौरान विपक्षी पार्टियां जनता को भड़का रही थीं, लेकिन लोग सरकार के सपोर्ट में लाइनों में लगे थे। लोगों को मोदी जी की लीडरशिप पर भरोसा था।
नड्डा ने कहा- देश ने मान लिया था कि अनुच्छेद 370 हटाना मुमकिन नहीं है, लेकिन मोदी सरकार ने कर दिखाया। जम्मू-कश्मीर में लोकसभा चुनाव के दौरान 58.46% वोटिंग हुई, वहीं विधानसभा चुनाव में 63% वोट पड़े। यह बदलाव मोदी सरकार के साहसी फैसले का नतीजा है।
नड्डा की 5 बड़ी बातें, कहा- बदलाव सरकार के साहसी फैसले का नतीजा
- करप्शन: ‘यह एक पारदर्शी और भविष्य की सोच वाली सरकार है। 11 साल में विकसित भारत की नींव मजबूत हुई है। पहले की सरकार भ्रष्टाचार और निराशा के माहौल से भरी थी। 2014 के बाद माहौल पूरी तरह बदल गया। आज लोग गर्व से कहते हैं, ‘मोदी है तो मुमकिन है।’
- इकोनॉमी: ‘पिछले 11 सालों में भारत दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं में 10वें से 5वें नंबर पर पहुंच गया है। IMF के नए आंकड़ों के मुताबिक, अब हम चौथे स्थान पर पहुंचने वाले हैं। भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना है।’
- चुनाव में गड़बड़ी: ‘विपक्ष को चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले सोचना चाहिए। जब आप हिमाचल, पंजाब में जीतते हो तो सब ठीक है। जहां हारते हो, वहां धांधलेबाजी का आरोप लगाते हो। हर बार वे यही बात करते हैं कि इतने वोट जुड़ गए, उतने वोट जुड़ गए। ये कैसे सही है?’
- नोटबंदी: मुझे याद है नोटबंदी के दौरान विपक्षी पार्टियां फायदा उठाने के लिए जनता को उकसा रही थीं। लेकिन भारत का आम आदमी बैंक के सामने घंटों खड़ा रहा और मोदी सरकार के फैसले का समर्थन किया। जब लीडरशिप पर भरोसा होता है, तो जनता समर्थन करती है। आप भूल गए होंगे, लेकिन मैं भूलता नहीं।
- ऑपरेशन सिंदूर: भगवान राहुल गांधी को सद्बुद्धि दें, क्योंकि उनके मकसद को समझना बहुत मुश्किल है। जब वे ऑल पार्टी मीटिंग में जाते हैं, तो कहते हैं कि देश के साथ खड़े हैं। बाहर निकलने पर सवाल उठाने लगते हैं। ऐसे सवाल जो पूरी तरह से निराधार हैं। मैं केवल यही कह सकता हूं कि वे गैर-जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं।
- मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया X पर वीडियो पोस्ट किया। साथ ही उन्होंने लिखा, ‘हमारी सरकार की योजनाओं के केंद्र में गरीब भाई-बहनों के साथ जन-जन का कल्याण हो रहा है। हमने पूरी निष्ठा और सेवाभाव के साथ लोगों की जिंदगी आसान बनाने की कोशिश की है।’
- एक दिन पहले रविवार को मोदे ने कहा था कि उज्ज्वला योजना ने लाखों घरों को धुएं से मुक्ति दिलाई। मुद्रा योजना से महिलाओं को खुद का बिजनेस शुरू करने का मौका मिला। प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं के नाम पर घर देने से उन्हें संपत्ति में हिस्सेदारी मिली। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा को लेकर देशभर में जागरूकता फैलाई।’
