आज के समय में हर व्यक्ति को अवश्य लगाना चाहिए कम से कम एक वृक्ष-उत्तम
कोरबा/कटघोरा। द इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ लायन्स क्लब्स डिस्ट्रिक्ट 3233 सी से सम्बंधित संस्था लायन्स क्लब कटघोरा-छुरी द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रोग्राम कोआर्डिनेटर उत्तम सस्ते के आतिथ्य में भारत भवन खुटरीगढ़ में वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में क्लब के कोषाध्यक्ष राकेश गोयल ने बताया कि हर व्यक्ति को कम से कम एक वृक्ष जरूर लगाना चाहिए क्योंकि आज नए रोड, नई खदानें सहित औद्योगिक क्रांति के कारण जिस तरह से वृक्षों की कटाई की जा रही है, वह शायद किसी से भी छुपा नहीं है। परिणाम स्वरूप हम गर्मी के समय देखते हैं कि कितनी तेज गर्मी पड़ती है। इसका दुष्परिणाम हमें अपने क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है और हमारे क्षेत्रों में भी पेड़ों की अंधाधूंध कटाई हुई है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तम सस्ते ने बताया कि वृक्ष लगाना पुण्य का कार्य है, लेकिन वृक्ष को केवल लगा ही देने से हमारी जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती, उसकी देखरेख भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि पर्यावरण को बचाना है व वायुमंडल के प्रदूषण को समाप्त करना है, तो वृक्षारोपण अत्यंत ही आवश्यक है। आज नगर की समाजसेवी संस्था के द्वारा यह पहल निश्चित ही सराहनीय है व हर व्यक्ति को वृक्ष लगाना चाहिए।
अतिथियों एवं सभी सदस्यों द्वारा एक पेड़ मां के नाम के अंतर्गत फलदार व छायादार जैसे अमरूद, पीपल, नीम, कटहल, आम आदि का पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट पी आर ओ अजय धनोंदिया, क्लब अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राकेश गोयल, उपाध्यक्ष राकेश पाण्डेय, नरेंद्र अग्रवाल, डायबिटीज चेयरपर्सन राजूदास दीवान,पर्यावरण चेयरपर्सन लव अग्रवाल सहित सभी सदस्य व छात्रावास के प्राध्यापकगण व बच्चे काफी संख्या में उपस्थित रहे।
एक पेड़ मां के नाम : लायन्स क्लब कटघोरा-छुरी ने किया फलदार-छायादार पौधों का रोपण
