DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 1 में कई वर्षों से रह रहे गरीब परिवारों का पट्टा के लिए सर्वे में नाम ही नहीं

नौकरी पेशा और जनप्रतिनिधियों का नाम, वार्डवासी पहुंचे कलेक्टर जनदर्शन में
पुन: सर्वे कराने की मांग और सर्वे करने वाले दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग
27 तक दावा आपत्ति: वार्ड 1 के कई गरीब परिवार ने दर्ज कराई आपत्ति
जनप्रतिनिधि के घर में बैठकर अधिकारियों ने बना ली लिस्ट
कोरबा।
इन दिनों नगर पालिक निगम कोरबा के कई वार्डों में शासकीय पट्टा के लिए सर्वे का काम हो रहा है। बीते दिन नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 1 में निगम एवं राजस्व अधिकारी-कर्मचारी कथित रूप से घर-घर जाकर पात्र लोगों की लिस्ट बनाई। 27 नवम्बर तक दावा आपत्ति मांगी गई। दिव्य आकाश को शासकीय पट्टा के लिए अधिकारियों द्वारा बनाई गई लिस्ट हासिल हुई, जिसमें शासकीय पट्टा के लिए ऐसे नामों को पात्र दिखाया गया है, जो या तो नौकरी पेशा में है या फिर जनप्रतिनिधि। पात्र लोगों का नाम लिस्ट में है ही नहीं और वार्डवासियों ने आरोप लगाया है कि लिस्ट एक जनप्रतिनिधि के घर में बैठकर बनाई गई। बड़ी संख्या में वार्डवासी आज कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे और बनाई गई लिस्ट पर अपना दावा आपत्ति दर्ज कराई और पुन: सर्वे कराने की मांग कलेक्टर से की।
शासकीय पट्टा के लिए शासकीय सेवक और जनप्रतिनिधियों ने अवैध कब्जा कर बना लिया पक्का मकान
वार्डवासियों का कहना है कि जनप्रतिनिधि रहते या नौकरी में रहते कोई भी व्यक्ति अवैध कब्जा कर मकान बनाता है, तो यह आदर्श आचरण संहिता के खिलाफ है और जांच में सही पाए जाने पर इनके खिलाफ कठोर कार्यवाही हो सकती है। जनप्रतिनिधि भी अपना पद गंवा सकते हैं, लेकिन वार्ड क्रमांक 1 में शासकीय सेवक और जनप्रतिनिध अवैध कब्जा कर पक्का मकान बना लिए हैं और इन्हें कार्यवाही का कोई डर नहीं। वार्डवासियों ने शासकीय पट्टा के लिए सर्वे करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्यवाही की मांग कलेक्टर से की है और नया सर्वे करा कर 40-40, 50-50 साल से रह रहे गरीब परिवारों को शासकीय पट्टा देने की गुहार लगाई है।

Exit mobile version