DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

18 अगस्त को जिले में आयोजित होगी राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ, कलेक्टर ने जनभागीदारी की अपील की

कोरबा।भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अभियान के छठे वर्ष में प्रवेश के अवसर पर 18 अगस्त 2026 को जिलेभर में “राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में संचालनालय, समाज कल्याण विभाग, रायपुर के निर्देशानुसार जिले के सभी संबंधित विभागों, शैक्षणिक संस्थानों एवं कार्यालयों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, सार्वजनिक एवं निजी संस्थानों तथा शासकीय कार्यालयों में राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी बढ़ाना है।
निर्देशों में कहा गया है कि जिले की कुल जनसंख्या के कम से कम 10 प्रतिशत नागरिकों को 18 अगस्त को राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ दिलाई जाए तथा अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों तथा आम नागरिकों को नशा मुक्त भारत अभियान की वेबसाइट पर उपलब्ध ई-शपथ लेने एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र डाउनलोड करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
भारत सरकार द्वारा 18 अगस्त को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम में जिला मुख्यालय से वर्चुअल माध्यम से सहभागिता भी की जाएगी। वर्चुअल बैठक का लिंक एवं अन्य आवश्यक जानकारी पृथक से उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान का लोगो, शुभंकर (मैस्कॉट), हेल्पलाइन नंबर 14446 तथा अन्य सूचना, शिक्षा एवं संचार  सामग्री का उपयोग किया जाएगा। साथ ही शपथ लेने वाले सभी नागरिकों की संख्या एनएमबीए पोर्टल एवं मोबाइल एप पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाएगी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के उपरांत निर्धारित प्रारूप में प्रतिवेदन, फोटोग्राफ एवं समाचार पत्रों की कतरनों सहित विवरण 18 अगस्त 2026 को उप संचालक, समाज कल्याण विभाग, कोरबा की विभागीय ई-मेल पर प्रेषित किया जाएगा।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों एवं संबंधित अधिकारियों से इस महत्वाकांक्षी अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक लोगों को नशा विरोधी शपथ दिलाने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना प्रभावी योगदान देने की अपील की है।

Exit mobile version