DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ के 3 शहरों को राष्ट्रीय सम्मान:बिल्हा को मिला पहला स्थान, रायपुर और बिलासपुर को भी अलग-अलग कैटेगरी में अवार्ड

रायपुर, एजेंसी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों ने राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान हासिल किया है। बिल्हा नगर पालिका को 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पहला स्थान मिला है।

वहीं, स्वच्छ रिवर फ्रंट रैंकिंग में बिलासपुर को दूसरा और ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ छत्तीसगढ़’ श्रेणी में रायपुर नगर निगम को पहला स्थान मिला है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुरस्कार प्रदान किए।

मंत्री अरुण साव और सचिव सोनमणि बोरा ने लिया पुरस्कार

छत्तीसगढ़ की ओर से नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और विभागीय सचिव सोनमणि बोरा ने समारोह में पुरस्कार ग्रहण किया। इस उपलब्धि में नगरीय निकायों के अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों और शहर के लोगों की भागीदारी को अहम माना गया है।

इस बार पुरस्कार लेने के लिए हर शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर बुलाने की व्यवस्था की गई थी। इनमें सफाई मित्र, स्वच्छता निरीक्षक, पर्यवेक्षक और स्वच्छता मिशन से जुड़े अधिकारी शामिल रहे।

4751 से अधिक शहरों का 43 संकेतकों पर हुआ मूल्यांकन

स्वच्छ सर्वेक्षण का यह 10वां संस्करण था। इसमें देशभर के 4751 से अधिक शहरों का 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 संकेतकों पर मूल्यांकन किया गया। इनमें कचरे का पृथक्करण, घर-घर कचरा संग्रहण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, स्वच्छता सुविधाएं, सीवेज प्रबंधन, नागरिकों की भागीदारी और सफाई कर्मचारियों का कल्याण शामिल था।

देशभर में 3 हजार से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं ने मौके पर जाकर शहरों की स्थिति जांची। पूरी प्रक्रिया डिजिटल और GPS आधारित निगरानी के जरिए की गई। इस बार सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई थी।

पिछली बार रायपुर को मिला था देश में चौथा स्थान

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में रायपुर ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में चौथा स्थान हासिल किया था। शहर को कुल 12,500 अंकों में से 11,996 अंक मिले थे। इस श्रेणी में अहमदाबाद पहले, भोपाल दूसरे और लखनऊ तीसरे स्थान पर रहे थे।

रायपुर को सर्वेक्षण के 10 हजार अंकों में से 9,496 अंक मिले थे। वहीं, गार्बेज फ्री सिटी (GFC) सर्टिफिकेशन के लिए निर्धारित 1,300 और ODF सर्टिफिकेशन के लिए निर्धारित 1,200 में पूरे अंक मिले थे। दोनों सर्टिफिकेशन में रायपुर को कुल 2,500 अंक हासिल हुए थे।

Exit mobile version