DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

नक्सलमुक्त बस्तर:अडाणी के लिए छत्तीसगढ़ में जगह बना रही भाजपा सरकार-डॉ. चरणदास महंत

प्रेसमीट में बोले नेताप्रतिपक्ष
कोरबा। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेताप्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत 05 फरवरी को प्रेस क्लब तिलक भवन कोरबा में प्रेसमीट ली और छत्तीसगढ़ तथा केन्द्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि नक्सलमुक्त बस्तर तो ठीक है, लेकिन इनकी नियत ठीक नहीं। भाजपा सरकार अडाणी के लिए स्वच्छ और सुंदर वातावरण तैयार कर रही है और यह सब हो जाएगा तो बस्तर अडाणी के हवाले कर दिया जाएगा। यहां के संसाधन को अडाणी के लिए साधन बनाया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में सरकार कौन चला रहा? यह यक्ष प्रश्न
डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि विष्णुदेव साय व्यक्तिगत रूप से एक अच्छे इंसान हैं, लेकिन यहां सरकार कौन चला रहा? यह यक्ष प्रश्न है और इस सवाल का जवाब हम भी ढूंढ़ रहे हैं और जब जवाब मिल जाएगा तब हम आपको भी बता देंगे। यह तो सच्च है कि विष्णुदेव नहीं चला रहे हैं। जब मैंने ओपी से पूछा- तो उन्होंने भी कहा मैं नहीं चला रहा हूं। उन्होंने कहा कि सरकार सांय-सांय नहीं, बल्कि आंय-बांय चल रही है और मंत्रियों के काम-काज से सब परेशान हैं। पूर्वमंत्री एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी परेशान हैं और वे आए दिन सरकार पर हमला बोल कर यह पुष्टि कर रहे हैं कि यहां सबकुछ ठीक नहीं चल रहा।
बजट पर बोले-छत्तीसगढ़ को कुछ नहीं मिला
डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि बजट में ऐसा कुछ भी नहीं है, जिसकी सराहना की जा सके। छत्तीसगढ़ को बजट में शून्य हिस्सेदारी मिली। छत्तीसगढ़ की हवाई सुविधा, रेल सुविधा की कहीं भी जिक्र नहीं और न ही किसानों एवं उद्योगों के लिए कुछ घोषणा की गई।
मनरेगा में एक रूपए भी नहीं दिया गया, इससे स्पष्ट होता है कि मनरेगा बंद कर दी गई। ग्रामीण, शहरी विकास के लिए भी छत्तीसगढ़ को कुछ नहीं दिया गया।
जल जीवन मिशन का बंटाधार
चरणदास महंत ने कहा कि जल जीवन मिशन पूरी तरह से फेल हो चुका है और केन्द्र की यह योजना छत्तीसगढ़ में बंटाधार है। गांव के लोग आज भी नल से पानी का इंतजार कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में कोयला से लेकर सोना तक का अकूत भंडार, लेकिन…
चरणदास महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अकूत खनिज संसाधन अटे पड़े हैं, लेकिन सरकार को कोयला के अलावा सोना, हीरा निकालने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहिए। हीरा के लिए कुछ पेड़ कटे, लेकिन फायदा छत्तीसगढ़ को होना चाहिए। वैसे भी दूसरों को फायदा पहुंचाने के लिए कोयला खदान के लिए लाखों पेड़ काटे जा रहे हैं।
भूविस्थापितों की समस्या कम नहीं हो रही, एसईसीएल और प्रशासन कर रहे मनमानी
डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि कोयला खदानों के लिए हमारे अन्नदाताओं की जमीन छीनी जा रही है, लेकिन उनका न तो ठीक से व्यवस्थापन हो पा रहा है, न पात्र लोगों को नौकरी, न रोजगार और न ही पर्याप्त मुआवजा दिया जा रहा है। भूविस्थापित रोज आंदोलनरत हैं, लेकिन उनकी आवाज को कुचल दिया जा रहा है। एसईसीएल और प्रशासन तानाशाही रवैय्या अपना रहे हैं और समस्या निराकरण होने के बजाए विकराल रूप ले रही है।
विपक्ष की सुनवाई नहीं हो रही
भाजपा सरकार जो भी करे, वह अच्छा, विपक्ष आवाज उठाए तो सुनवाई नहीं, मैंने कभी ऐसी सरकार देखी नहीं। कुछ उद्योगपतियों के लिए सरकार काम कर रही है और इन्हें जनता से लेना-देना नहीं। हमारी आवाज को दबा दी जाती है और तानाशाही रवैय्या अपनाया जा रहा है। विपक्ष की कहीं सुनवाई नहीं हो रही। आप लोग लोकतंत्र के चौथे स्तंभ है और लेखनी में दम होता है, इसलिए हमारी आवाज आप सभी जनता तक पहुंचाएं।
छत्तीसगढ़ में हालत बद से बदतर
डॉ. महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ की हालत पूरी तरह से खराब है, चाहे लॉ एण्ड आर्डर की बात करें, चाहे बेरोजगार नौजवानों की, चाहे प्रदेश में बढ़ती नशे के कारोबार की बात करें। अपराध दिनोंदिन बढ़ते जा रहे हैं और जनता परेशान हैं।
भाजपा कार्यालय के नवीन भवन के निर्माण पर बोले-भाजपा कार्यालय के नवीन भवन के लिए भूमि पूजन समारोह को लेकर चरणदास महंत ने हमला बोला और कहा कि डॉ. रमन सिंह के 15 साल के कार्यकाल में भाजपा नवीन भवन नहीं बना पाई, लेकिन विष्णुदेव साय के 02 साल के कार्यकाल में 05 करोड़ का नवीन भवन तैयार हो रहा है, मैं सीधे आरोप लगाता हूं कि 02 साल में धन की जमकर उगाही की गई।
उन्होंने कहा कि पुलिस आरक्षक भर्ती को हाईकोर्ट ने रोक लगा दी, यह भी सवालों के घेरे में है। उन्होंने कहा कि सरकार पर सोचने की शक्ति नहीं है और सरकार कहीं अन्य जगह से कंट्रोल हो रही है।
सांसद के कार्यों में दखल अंदाजी नहीं!
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने आज खुलकर बात की और कहा कि मैं कोरबा से थोड़ा दूर रहता हूं और यहां की सांसद ज्योत्सना के कार्यों में दखल अंदाजी नहीं करता और उन्हें उनके अंदाज में स्वतंत्र छोड़ दिया हूं। उनका क्षेत्र है, वे किस तरह से अधिक से अधिक जनता का काम कर सकें, वे करती हैं। मैं चाहता हूं कि आप लोग भी सांसद को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करें।
कोयला के बाद अब लिथियम से कोरबा होगा परेशान
डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि कोयले की अत्यधिक दोहन से छत्तीसगढ़ को कितना फायदा मिल रहा है, यह सब जानते हैं, कोयले से भूविस्थापित से लेकर पूरा कोरबा परेशान है और अब दूसरी परेशानी खड़ी होने वाली है। लिथियम खदान से कोरबा को कोई फायदा नहीं होने वाला और फायदा दूसरे को मिलेगा, लेकिन परेशान कोरबा होगा।

एसआईआर पर क्या बोले महंत,पढ़ें-
चुनाव आयोग द्वारा इन दिनों मतदाता शुद्धिकरण के नाम पर धर्म विशेष के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। डॉ. महंत ने सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि मुस्लिम और इसाईयों को टारगेट किया जा रहा है। कोरबा ही की बात करें तो वार्ड 07 में कार्यकर्ताओं को टारगेट दिया गया है कि कम से कम 1 कार्यकर्ता 05-05 का नाम कटवाने का काम करें। हमारा प्रयास होगा कि हम अधिक से अधिक लोगों का नाम जुड़वा सकें और हर धर्म के लोग एकता और सद्भाव के साथ रह सकें। कांग्रेस ने हमेशा से ही एकता और सद्भाव पर बल दिया है, लेकिन आज की राजनीति में यह हो रहा है-धर्म-धर्म को लड़वाओ और सत्ता हासिल करो। आज हर एक इंसान परेशान क्यों है? इस बात पर चिंतन करने की आवश्यकता है।
प्रेसमीट में रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, अध्यक्ष द्वय मनोज चौहान, मुकेश राठौर, हरीश परसाई सहित अन्य कांग्रेसी उपस्थित थे।

Exit mobile version