बीजापुर ,एजेंसी। बीजापुर जिले नक्सलियों ने मंगलवार देर रात बीजेपी नेता की हत्या कर दी। मांडो राम कुड़ियाम को घर से उठाकर जंगल ले गए और गला घोंट कर मार डाला। नक्सलियों ने मुखबिरी का आरोप लगाया है। सप्ताहभर के अंदर 3 भाजपा नेता, आंगनबाड़ी सहायिका और ग्रामीण महिला समेत 5 लोगों को नक्सलियों ने मारा है।
वहीं बीजापुर में पुलिस-नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर हो गया। इस दौरान IED ब्लास्ट की चपेट में आने से दो (DRG) जवान भी घायल हो गए हैं जिन्हें जिला अस्पताल लाया गया है। दोनों की हालत स्थिर है।
मौके पर फेंका पर्चा
हत्या के बाद शव को सोमनपल्ली गांव के पास लाकर फेंक दिया। मौके पर पर्चा भी मिला है। नक्सलियों की नेशनल पार्क एरिया कमेटी ने हत्या की जिम्मेदारी ली है। पर्चे में लिखा है कि ये पुलिस के लिए काम कर रहा था, समझाइश दी लेकिन नहीं माना, इसलिए मौत की सजा दी गई। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है। शव को बरामद कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
इससे पहले 4 लोगों को मारा
बता दें कि, नक्सलियों ने इससे पहले भाजपा के कार्यकर्ता और 2 पूर्व सरपंचों की हत्या की। फिर आंगनबाड़ी सहायिका को उसके बेटे के सामने ही मार डाला। एक गांव से दंपती को किडनैप कर ले गए थे। पति की बेदम पिटाई की और उसकी पत्नी की हत्या कर दी। वहीं, अब पांचवी हत्या कर दी है।
सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। जवानों ने एक माओवादी को ढेर कर दिया है। वहीं, नक्सलियों ने IED ब्लास्ट किया, जिसमें DRG के 2 जवान घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए बीजापुर जिला अस्पताल लाया गया है। हालांकि, दोनों की स्थिति ठीक है। मामला जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र का है।

