DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

नक्सलियों ने की 2 पूर्व सरपंचों की हत्या:बीजापुर में कुछ दिन पहले किया था अपहरण, भाजपाइयों को मौत की सजा देने का फरमान

बीजापुर ,एजेंसी। बीजापुर जिले में नक्सलियों ने 2 पूर्व सरपंचों की हत्या कर दी है। इन पर पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाया और देर रात इनकी जान ले ली। बताया जा रहा है कि, एक को मुर्गा बाजार से उठाया था, जबकि दूसरे का अंतिम संस्कार के बाद घर लौटते वक्त पत्नी के सामने से ही अपहरण किया था। हत्या के बाद दोनों के शवों को फेंक दिया है। ये दोनों मामला भैरमगढ़ और नैमेड थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, जिले के अंदरूनी इलाके कडेर के पूर्व सरपंच सुखराम का कुछ दिन पहले नक्सलियों ने मुर्गा बाजार से अपहरण किया था। सुखराम वर्तमान में बीजापुर मुख्यालय के शांति नगर में रह रहे थे। वहीं कुछ निजी काम से वे अपने गांव गए हुए थे। वहीं से नक्सलियों ने उन्हें अगवा कर लिया था।

पूर्व सरपंच को मुर्गा बाजार से उठाया था।

पूर्व सरपंच को मुर्गा बाजार से उठाया था।

पत्नी के सामने से किया अगवा

इसके अलावा बिरयाभूमि के पूर्व सरपंच सुकलू फरसा अपनी भतीजी के अंतिम संस्कार से लौट रहा था। इसी दौरान 3 दिसंबर को उन्हें आदवाड़ा के नजदीक से पत्नी के सामने से ही अपहरण कर लिया था। नक्सलियों ने सुकलू पर भाजपा से जुड़ने का आरोप लगाया। वहीं दोनों पूर्व सरपंचों की बुधवार की रात हत्या कर दी गई।

बेटी ने छोड़ने की थी अपील

दरअसल, नक्सलियों के अपहरण करने के बाद सुकलू की बेटी यामिनी ने सोशल मीडिया के माध्यम से नक्सलियों से पिता को छोड़ने की अपील की थी। हालांकि, नक्सलियों ने उसे छोड़ा नहीं। मौत की सजा दे दी। परिजन शव को बरामद कर लिए हैं।

मौके पर नक्सलियों ने पर्चा भी फेंका है।

गंगालूर एरिया कमेटी ने ली हत्या की जिम्मेदारी

वहीं दोनों की हत्या के बाद नक्सलियों ने नैमेड और भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में दोनों के शवों को फेंका है। सुखराम के शव को कडेर के नजदीक और सुकलू के शव को भूरियाभूमि-आदवाड़ा मार्ग पर फेंका है। मौके पर पर्चा फेंककर नक्सलियों की गंगालूर एरिया कमेटी ने हत्या की जिम्मेदारी ली है।

भाजपाइयों को दी चेतावनी

नक्सलियों के पर्चे में लिखा है कि सुकलू भाजपा में शामिल हो गया था पहले भी उसे समझाइश दी गई थी लेकिन नहीं माना इसलिए इसे मौत की सजा दे दी गई नक्सलियों ने भाजपा के कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी है की भाजपा पार्टी छोड़ दो वरना मौत की सजा मिलेगी।

जांच में जुटी पुलिस

बीजापुर ASP चंद्रकांत गवर्णा ने कहा कि शव को बरामद कर लिया गया है। मौके से पर्चा भी मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version