DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

मजबूत आर्थिक वृद्धि से NBFC की स्थिति स्थिर रहने की उम्मीद: फिच

नई दिल्ली, एजेंसी। मजबूत आर्थिक वृद्धि और अनुकूल नीतियों के कारण भारत में गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) का कारोबारी माहौल स्थिर रहने की उम्मीद है। इससे कर्ज की मांग बनी रहेगी और कंपनियों को धन जुटाने की ऊंची लागत के दबाव से राहत मिलेगी। फिच रेटिंग्स ने बुधवार को यह बात कही। 

फिच ने अनुमान जताया कि महंगाई और ब्याज दरों में मामूली वृद्धि तथा वैश्विक आर्थिक वृद्धि की धीमी रफ्तार के बावजूद भारत की आर्थिक वृद्धि दर एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सबसे ऊंची दरों में शामिल रहेगी। वैश्विक रेटिंग एजेंसी ने सितंबर में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर 6.9 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया था। फिच ने अपनी रिपोर्ट ‘दक्षिण एवं दक्षिण-पूर्व एशिया की वित्तीय कंपनियों का परिदृश्य 2027’ में कहा कि एनबीएफसी का गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) अनुपात मोटे तौर पर स्थिर रहने की उम्मीद है। 

रिपोर्ट के अनुसार, इसके पीछे अनुकूल आर्थिक माहौल, कर्ज वितरण में लगातार वृद्धि, आवास ऋण और सोने के बदले दिए जाने वाले ऋण जैसे कम जोखिम वाले सुरक्षित कर्ज की ओर बढ़ता रुझान तथा कर्ज देने से पहले जांच और जोखिम नियंत्रण के कड़े उपाय प्रमुख कारण हैं। हालांकि, फिच ने कहा कि लंबे समय से जारी भू-राजनीतिक जोखिमों और 2026 में कमजोर मानसून के कारण छोटी कंपनियों और ग्रामीण क्षेत्रों को दिए जाने वाले कर्ज में निकट भविष्य में कुछ कमजोरी आ सकती है। एजेंसी के मुताबिक, आर्थिक वृद्धि और अनुकूल नीतिगत ढांचे से कर्ज की मांग बनी रहने की उम्मीद है। इससे धन जुटाने की ऊंची लागत का दबाव भी कम होगा। 

फिच ने कहा, ”मजबूत घरेलू आर्थिक वृद्धि के समर्थन से भारत की वित्तीय कंपनियों के लिए कारोबारी माहौल स्थिर रहने की उम्मीद है।” एजेंसी ने कहा कि 2027 में ब्याज दरों में वृद्धि और महंगाई का दबाव कर्ज लेने वालों की किस्त चुकाने की क्षमता को खास प्रभावित नहीं करेगा। इसकी वजह यह है कि एनबीएफसी मुख्य रूप से कम राशि के कर्ज, निश्चित ब्याज दर वाले कर्ज और संपत्ति के बदले दिए जाने वाले कर्ज उपलब्ध कराती हैं। 

Exit mobile version