कोरबा। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय से मान्यता प्राप्त कोरबा कंप्यूटर कॉलेज की छात्रा कुमारी नेहा श्रीवास ने एमएससी कंप्यूटर साइंस परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। नेहा ने 77 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय में सातवां स्थान हासिल किया है, जिसके तहत उन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने जिले में पहला स्थान प्राप्त कर कोरबा का गौरव बढ़ाया है। नेहा श्रीवास, कोरबा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 17 के पार्षद लक्ष्मण श्रीवास की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, महाविद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है। कॉलेज प्रबंधन ने नेहा की तन्मयता, परिश्रम और तकनीकी ज्ञान की सराहना करते हुए इसे जिले की छात्र प्रतिभा का प्रेरक उदाहरण बताया।स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और नागरिकों ने नेहा श्रीवास को इस सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

