DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

मरार पटेल समाज की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ

165 प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान
कोरबा/पाली।
मरार पटेल समाज कोरबा की नई कार्यकारिणी ने भव्य समारोह में शपथ ली। 13 जुलाई रविवार को ग्राम महूदा के स्कूल प्रांगण में गरीमामय समारोह में सभी ने शपथ ली।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शाकम्भरी के तैल्यचित्र पर पूजा-अर्चना कर एवं हरी सब्जियों की माला पहनाकर किया गया। अतिथियों ने मां से आशीर्वाद मांगा और कहा कि समाज को अपने आशीर्वाद से समृद्ध बनाए और परंपरागत खेती से प्रदेश, देश खुशहाल बने।


मुख्यअतिथि के रूप में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल विशेष रूप से उपस्थित हुए। समाज के इस महती कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पटेल ने कहा कि समाज हमारे लिए अमूल्य धरोहर है और हमारा मुख्य व्यवसाय साग-सब्जी उगाना एवं धान की खेती करना है। हम अपने पारंपरिक व्यवसाय को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा के क्षेत्र में भी अपना नाम रोशन करें, क्योंकि शिक्षा से भी समाज जागरूक होगा और सभी क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करेगा। उन्होंने बच्चों का सम्मान करते हुए कहा कि-हमें अपनी प्रतिभाओं पर गर्व होना चाहिए और प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए समाज के एक-एक व्यक्ति को अपना हाथ बढ़ाना होगा, ताकि आर्थिक विपन्नता प्रतिभा को बढ़ाने बाधा न आए। उन्होंने 10वीं-12वीं बोर्ड में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि और बेहतर करने का प्रयास करें, ताकि समाज का नाम रोशन हो सके। यह कार्यक्रम समाज के अनुरूप एक अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक पहल है।”कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि पटेल समाज हमारी एक अमूल्य धरोहर है, जिसने समय-समय पर देश और समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे समाज में जब हमारी युवा पीढ़ी, विशेषकर हमारे बच्चे, 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में श्रेष्ठ अंक लाकर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय देते हैं, तो वह न केवल अपने माता-पिता और गुरुजनों का मान बढ़ाते हैं, बल्कि पूरे समाज का गौरव भी बढ़ाते हैं।


यह कार्यक्रम उन बच्चों के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए आयोजित किया गया है, जिन्होंने अपने परिश्रम से यह सिद्ध किया है कि लगन, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। यह सिर्फ एक सम्मान समारोह नहीं है, बल्कि एक ऐसा मंच है जो इन विद्यार्थियों को भविष्य में और अधिक उत्कृष्टता प्राप्त करने की प्रेरणा देगा।


अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह ने कहा कि समाज जब संगठित होगा तो प्रत्येक व्यक्ति का विकास होगा। प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए समाज के हर व्यक्ति को आगे आना होगा और सक्षम व्यक्ति का योगदान जब होगा तो समाज भी आगे बढ़ेगा और नई पीढ़ी शिक्षित होगी। शिक्षित समाज ही समाज को नई दिशा दे सकता है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष डा. पवन सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने कहा आज के विद्यार्थी भारत के भाग्यविधाता बनेंगे और नई पीढ़ी जब पूर्ण शिक्षित होगी, तो भारत का भविष्य भी उज्ज्वल होगा।

मरार पटेल समाज के 165 प्रतिभावान विद्यार्थियों का महात्मा ज्योतिबा फुले प्रतिभा सम्मान

पटेल मरार समाज कोरबा द्वारा शपथ ग्रहण एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान समारोह 13 जुलाई 2025, रविवार को ग्राम महूदा के स्कूल प्रांगण में बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया।

प्रदेश अध्यक्ष आत्मा नारायण पटेल ने कहा, इस कार्यक्रम के माध्यम से हम यह संदेश देना चाहते हैं कि समाज उन सभी प्रतिभाओं के साथ है, जो कुछ बड़ा सोचते हैं, मेहनत करते हैं और समाज की प्रगति में अपना योगदान देना चाहते हैं। यह पहल निश्चित रूप से अन्य बच्चों को भी प्रेरित करेगी कि वे भी मेहनत करें और इसी प्रकार समाज की शान बनें।

अध्यक्ष कोरबा जिला सरवन पटेल, जिलाध्यक्ष श्रीमती ललिता पटेल महिला प्रकोष्ठ, रामफल पटेल संयोजक, मन्नू राम पटेल जनपद सदस्य, पितेश शुक्ला सरपंच, श्रीमती गंगोत्री पटेल, श्रीमती इंदिरा पटेल, बजरंग पटेल, सुरीत राम पटेल, लक्ष्मण पटेल, गंगा प्रसाद पटेल, घनश्याम पटेल, नरेंद्र पटेल, ईश्वर पटेल, संतोष पटेल, दयाराम पटेल, अशोक पटेल, नन्दलाल पटेल, राजकुमार पटेल, मुरलीमनोहर पटेल सहित अनेक समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version