DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बालको अस्पताल में नई फार्मेसी का शुभारंभ, क्षेत्रीय मरीजों को मिलेगी आसानी से दवा

बालकोनगर। बालको मेडिकल सेंटर द्वारा बालको अस्पताल परिसर में एक नई फार्मेसी (औषधि भंडार) की शुरुआत की गई है। इस फार्मेसी का उद्घाटन भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार तथा बालको मेडिकल सेंटर की चिकित्सा निदेशक डॉ. भावना सिरोही द्वारा किया गया। इस अवसर पर अस्पताल के मुख्य चिकित्सक अधिकारी विवेक सिंहा एवं कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी तथा गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

इसका उद्देश्य कोरबा एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को एक ही स्थान पर आसानी से कम कीमत और उचित समय पर आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराना है। नई फार्मेसी के शुरू होने से अब मरीजों और उनके परिजनों को दवाइयों के लिए शहर के दूर-दराज इलाकों में भटकना नहीं पड़ेगा। यहाँ सामान्य से लेकर विशेष उपचार में उपयोग होने वाली आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध रहेंगी, जिन पर विशेष रियायत भी दी जाएगी, जिससे इलाज का खर्च कम होगा और मरीजों को समय पर दवा मिल सकेगी।

बालको के सीईओ राजेश कुमार ने कहा कि यह पहल क्षेत्र के लोगों को बेहतर, सुलभ और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे मरीजों को उपचार के साथ-साथ दवाइयाँ भी उसी परिसर में आसानी से मिल सकेंगी। कंपनी हमेशा सामुदायिक स्वास्थ्य विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है।

Exit mobile version