सक्ती। सक्ती जिले में कानून व्यवस्था और पुलिस सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से सक्ती कोतवाली के थाना परिसर के सामने निर्मित नवीन पुलिस थाना आजाक भवन का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया। यह कार्यक्रम शाम करीब 5 बजे आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

इस अवसर पर अतिथियों ने नवीन थाना भवन के उद्घाटन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इसे क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग और आमजन को त्वरित सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि नया थाना भवन लोगों को बेहतर सुरक्षा और पुलिस सहायता प्रदान करेगा।
आदिम जाति कल्याण थाना भवन का शुभारंभ हुआ
जिले को मिली डायल-112 के आठ नए वाहन
इसी कार्यक्रम में पुलिस मुख्यालय से सक्ती जिले को प्राप्त डायल-112 के आठ नए वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन वाहनों के जरिए जिले में आपातकालीन पुलिस सहायता सेवाओं को और अधिक तेज और प्रभावी बनाया जाएगा।
ये सभी रहे कार्यक्रम में उपस्थित
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं अधिवक्ता चितरंजय पटेल, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष रामनरेश यादव, पार्षद गोविंद देवांगन, गोविंद निराला, संजू कश्यप, अधिवक्ता रथराम पटेल, गिरधर जायसवाल सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।
पुलिस विभाग की ओर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी भुवनेश्वरी पैंकरा, थाना प्रभारी लखन पटेल, रक्षित निरीक्षक उमेश राय, उप निरीक्षक कमल मेरीसा समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। यह कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
