दुर्ग-भिलाई, एजेंसी। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के निजीकरण और अडानी समूह के इसे खरीदने की चर्चा के बीच मैनेजमेंट ने BSP के निजीकरण से जुड़ी खबरों को झूठा और भ्रामक बताया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अडानी समूह के प्रतिनिधियों के BSP दौरे की संभावना पर केंद्र सरकार से सवाल किए थे।
इसके बाद भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा था कि वे भिलाई इस्पात संयंत्र को बिकने नहीं देंगे। वहीं, वैशाली नगर से भाजपा विधायक रिकेश सेन ने भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के घर के सामने धरना देने की बात कही थी।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं को अपने दावों के सबूत सार्वजनिक करने की चुनौती भी दी थी। अब BSP बयान जारी कर निजीकरण की खबरों को झूठा और भ्रामक बताया है।

BSP बयान जारी कर निजीकरण की खबरों को झूठा और भ्रामक बताया है। (फाइल फोटो)
भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर किया था पोस्ट
14 अक्टूबर को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा था कि अडानी भिलाई स्टील प्लांट देखने आने वाले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नजर अब बीएसपी पर है और उनके करीबी खरीददार प्लांट देखने आ रहे हैं।
भूपेश बघेल ने लिखा कि बीएसपी छत्तीसगढ़ की आत्मा है। इसे किसी भी हाल में बिकने नहीं देंगे। उन्होंने भाजपा नेताओं से भी कहा कि बीएसपी बिकाऊ नहीं है।
भूपेश बघेल ने 14 अक्टूबर को BSP को लेकर पोस्ट किया था।
देवेंद्र यादव बोले- किसी कीमत पर नहीं बिकने देंगे BSP
भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने भी बीएसपी के निजीकरण का विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि अंबानी-अडानी को बीएसपी खरीदने नहीं देंगे। बीएसपी सिर्फ एक कारखाना नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान है। भिलाई से लोगों की यादें जुड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि बीएसपी को बचाने के लिए आखिरी समय तक लड़ाई लड़ेंगे और इसे किसी भी हाल में बिकने नहीं देंगे।
इस्पात मंत्रालय ने निजीकरण की खबर को अफवाह और भ्रामक बताया।
रिकेश सेन बोले- दोनों कांग्रेस नेताओं के घर के बाहर दूंगा धरना
बीएसपी के निजीकरण को लेकर कांग्रेस नेताओं के आरोपों पर वैशाली नगर से भाजपा विधायक रिकेश सेन ने कहा कि अगर उनके पास बीएसपी को अडानी समूह या किसी निजी कंपनी को बेचने से जुड़े दस्तावेज हैं, तो उन्हें सार्वजनिक करें। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया।
रिकेश सेन ने कहा कि अगर भिलाई इस्पात संयंत्र को अडानी या किसी दूसरी निजी कंपनी को बेचने की कोशिश हुई, तो वे सबसे पहले विरोध में धरने पर बैठेंगे। उन्होंने भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के घर के बाहर भी धरना देने की बात कही।
रिकेश सेन ने भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के घर के बाहर भी धरना देने की बात कही।
BSP बोला- निजीकरण की खबरें झूठी और भ्रामक
इस पूरे घटनाक्रम के बीच भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने बयान जारी कर प्लांट को बेचने की योजना से जुड़ी खबरों को झूठा और भ्रामक बताया है। प्रबंधन के मुताबिक, सोशल मीडिया और कुछ प्रिंट मीडिया में इस तरह की खबरें फैलाई जा रही हैं।
बयान में बताया गया कि इस्पात मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इन दावों का खंडन किया है। वहीं, प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) की फैक्ट चेक टीम ने भी इन खबरों को झूठा बताया है।
बीएसपी और अडानी समूह की कंपनी के बीच गैस सप्लाई का समझौता
बताया जा रहा है कि भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) और अडानी टोटल गैस लिमिटेड (एटीजीएल) के बीच पाइप से प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की सप्लाई के लिए समझौता हुआ है। इसका उद्देश्य प्लांट और टाउनशिप में गैस पहुंचाना है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच 16 जुलाई 2026 को समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ था। इसी समझौते के सिलसिले में कुछ अधिकारियों के बीएसपी दौरे की योजना की चर्चा है।
भूपेश बोले- रिकेश सेन पहले पता करें, कौन-कौन से प्लांट बिकने की सूची में हैं
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहले कोयला खदानें और पावर प्लांट गए। एसीसी जामुल भी चला गया और अब लौह अयस्क की खदानों पर खतरा है। उन्होंने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट में भी अधिकारियों का दौरा हो चुका है और अडानी समूह के आने की चर्चा है।
बघेल ने कहा कि सभी चाहते हैं कि भिलाई इस्पात संयंत्र न बिके, लेकिन इसे बचाने के लिए भिलाई के लोगों को अभी से तैयारी करनी चाहिए। अगर भाजपा विधायक रिकेश सेन को धरना देना है तो प्रधानमंत्री कार्यालय के सामने जाकर प्रदर्शन करना चाहिए। हमारे घर के सामने धरना देने से क्या होगा।
भूपेश बघेल ने कहा कि रिकेश सेन को पहले पता करना चाहिए कि केंद्र सरकार की सूची में नगरनार स्टील प्लांट और भिलाई स्टील प्लांट को लेकर क्या स्थिति है। उन्होंने कहा कि मुद्दा किसी नेता के घर के सामने प्रदर्शन करने का नहीं, बल्कि सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों को बचाने का है।
