बिहार सरकार में मंत्री हैं, नए अध्यक्ष के चुनाव तक कार्यभार संभालेंगे
नई दिल्ली,एजेंसी। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। रविवार को भाजपा के पार्लियामेंट्री बोर्ड के इस फैसले की जानकारी राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दी। नबीन की उम्र 45 साल है, वे 2010 से बांकीपुर सीट से विधायक हैं।
नबीन नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक यह जिम्मेदारी संभालेंगे। भाजपा ने साल 2020 में जेपी नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था। 2024 में उनका कार्यकाल खत्म हुआ था। तब से वे एक्सटेंशन पर थे। नड्डा अभी केंद्र में स्वास्थ्य मंत्रालय संभाल रहे हैं।
वहीं PM मोदी ने नितिन नबीन को बधाई दी है। उन्होंने X पोस्ट में लिखा-
नितिन नबीन ने मेहनती कार्यकर्ता के तौर पर अलग पहचान बनाई है। वे युवा और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास समृद्ध संगठनात्मक अनुभव है। बिहार में वे कई कार्यकालों तक विधायक और मंत्री के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने की बधाई।

अगर नबीन ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बने तो, सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे
फिलहान नितिन नबीन को पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। उनकी उम्र 45 साल है। भविष्य में नितिन को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाता है तो वे राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाले सबसे युवा व्यक्ति होंगे।
नितिन नबीन के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर किसने क्या कहा…
- गृह मंत्री अमित शाहनितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं। भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव हो या बिहार में प्रदेश युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष या छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी, उन्होंने संगठन के हर दायित्व को पूरी निष्ठा और सफलता से निभाया है। बिहार में 5 बार विधायक एवं प्रदेश सरकार में मंत्री के रूप में उनके पास जनता के बीच लम्बे समय से कार्य करने का अनुभव है।
- केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डाबिहार के ओजस्वी भाजपा नेता एवं बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर आत्मीय बधाई। मुझे पूर्ण विश्वास है कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन और आपके नेतृत्व में संगठन राष्ट्र व जनसेवा की भावनाओं के साथ नये आयाम स्थापित करेगा।
