DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जांजगीर में हादसा नहीं, दोस्त की हत्या थी:ट्रक के लेन-देन विवाद में पीट-पीटकर मारा, एक्सीडेंट का नाटक रचा, एक गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा के अकलतरा थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध मौत को पहले सड़क हादसा समझा जा रहा था। पुलिस की जांच में सामने आया कि यह हादसा नहीं, बल्कि हत्या थी।

ट्रक के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में दोस्त ने अपने एक साथी के साथ मिलकर युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को कार के नीचे डालकर घटना को सड़क दुर्घटना दिखाने की कोशिश की गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 24 जून 2024 को हुई थी। सोनादुला-सांकर भारतमाला रोड पर वाहन CG 10 BP 9060 से हुई इस घटना में बिलासपुर के सकरी निवासी अरविंद सिंह लोधी (26) की मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना मानकर वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक अरविंद से ट्रक के लेन-देन को लेकर उनका पुराना विवाद था। घटना वाले दिन शराब पार्टी के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई। यह कहासुनी मारपीट में बदल गई।

आरोपी हेमंत ने अपने एक और साथी के साथ मिलकर अरविंद को लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। इससे अरविंद की मौत हो गई। सबूत मिटाने और हत्या को हादसे का रूप देने के लिए उन्होंने शव को कार के नीचे डालकर एक्सीडेंट का नाटक रचा।

जांच में हत्या की बात सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस जोड़ी है। पहले दर्ज धारा 106(1) बीएनएस को हटा दिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार CG 10 BP 9060 को जब्त कर लिया है।

आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में शामिल फरार दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।

Exit mobile version