कोरबा। महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर जिले में शराब की बिक्री होती रही। शासन ने आज पुण्यतिथि पर शुष्क दिवस घोषित नहीं किया था। युवा कांग्रेस ने कहा है कि महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शराब बिक्री होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष शहर राकेश पंकज ने कहा-इस पूरे मामले पर कोरबा विधायक एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन को शर्म आनी चाहिए। नशे को बढ़ावा देने वाली यह नीति न केवल गांधी जी के आदर्शों के खिलाफ है, बल्कि कोरबा की जनता और छत्तीसगढ़ महतारी की भावनाओं का भी खुला अपमान है।
आबकारी मंत्री होने के नाते नैतिक जिम्मेदारी निभाने के बजाय यदि बलिदान दिवस पर भी शराब बिकती है, तो यह सरकार की संवेदनहीनता को उजागर करता है। गांधी जी की पुण्यतिथि पर शराब बिक्री का विरोध करते हुए आज युवा कॉंग्रेस कोरबा शहर ने टी पी नगर प्रीमियम वाइन शॉप के सामने दारू मंत्री लखनलाल देवांगन का पुतला दहन किया। युवा कांग्रेस दारू मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करती रही।
