नई दिल्ली, एजेंसी। टाटा समूह की प्रमुख एयर कंडीशनर निर्माता कंपनी वोल्टास में बड़ा मैनेजमेंट बदलाव होने जा रहा है। टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल एन टाटा 11 नवंबर 2026 को कंपनी के चेयरमैन और डायरेक्टर पद से रिटायर हो जाएंगे। उनकी जगह सुनील अलारिक डिसूजा 12 नवंबर से वोल्टास के नए चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे। रिटायरमेंट के बाद नोएल टाटा को चेयरमैन एमेरिटस बनाया जाएगा।
कंपनी ने 6 नवंबर को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि बोर्ड ने इन नियुक्तियों और बदलावों को मंजूरी दे दी है। नोएल टाटा साल 2003 से वोल्टास से जुड़े हुए हैं। टाटा समूह की रिटायरमेंट पॉलिसी के तहत 70 साल की उम्र पूरी होने के कारण वह पद छोड़ रहे हैं।
कौन हैं नए चेयरमैन सुनील डिसूजा?
सुनील डिसूजा फिलहाल टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सी.ई.ओ. हैं। वह टाटा साल्ट, टाटा टी और टेटली जैसे प्रमुख ब्रांडों वाली कंपनी का नेतृत्व कर रहे हैं। वह पहले से वोल्टास के बोर्ड में डायरेक्टर हैं।
2027 में बदलेंगे कंपनी के एम.डी.
वोल्टास में अगले साल मैनेजिंग डायरेक्टर का पद भी बदलेगा। मौजूदा एम.डी. सी.पी. मुकुंदन मेनन का कार्यकाल 24 मई 2027 को समाप्त होगा। इसके बाद जयंत बालन उनकी जगह लेंगे। बालन फिलहाल कंपनी के रूम एयर कंडीशनर कारोबार के प्रमुख हैं।

बोर्ड ने उन्हें 25 मई 2027 से पांच साल के लिए मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त करने की मंजूरी दी है। इसके लिए शेयरधारकों की स्वीकृति जरूरी होगी। उन्हें नए पदभार से पहले एम.डी. डेजिग्नेट भी बनाया गया है। इसके अलावा वेंकटेसालु पलानीस्वामी को 12 नवंबर 2026 से कंपनी के बोर्ड में एडिशनल डायरेक्टर नियुक्त किया जाएगा।
