बिलासपुर,एजेंसी। बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत मरीजों का इलाज नहीं करने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की नाराजगी और आंदोलन करने की चेतावनी देने के बाद स्वास्थ्य विभाग की नींद खुल गई है। CMHO ने आयुष्मान भारत योजना से उपचार न करने को लेकर अपोलो हास्पिटल प्रबंधन को नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया है कि अस्पताल में शीघ्र मरीजों का आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज शुरू की जाए।
CMHO ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि इससे पहले भी अपोलो हास्पिटल प्रबंधन को शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना एवं आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से पंजीकृत हो। इसके लिए आयुष्मान भारत के पोर्टल में आवेदन करने के लिए भी कहा गया था। लेकिन, अपोलो अस्पताल प्रबंधन ने कोई पहल नहीं की। जबकि, लगातार जन प्रतिनिधियों द्वारा भी मांग की जा रही है कि अपोलो हास्पिटल आयुष्मन से इलाज करे, ताकि गंभीर मरीजों का स्तरीय उपचार की सुविधा मिल सके। इसके बाद भी प्रबंधन द्वारा योजना में रूचि नहीं दिखाई जा रही है।

CMHO ने अपोलो अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया है।
अपोलो अस्पताल प्रबंधन को ऑनलाइन पंजीयन कराने दिए निर्देश CMHO ने पत्र जारी कर अपोलो अस्पताल प्रबंधन से कहा है कि पंजीयन के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश अनुबंध का प्रारूप एवं प्रस्तावित दर सूची वेबसाईट पर अपलोड की गई है। इसमे पंजीयन किया जाएगा और आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जाए। हालांकि, इस संबंध में अपोलो अस्पताल प्रबंधन ने कोई पहल नहीं की है। मामले में अपोलो अस्पताल का पक्ष जानने के लिए जनसंपर्क अधिकारी देवेश गोपाल से संपर्क किया गया। लेकिन, उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
MLA शुक्ला ने दी थी चेतावनी, इलाज नहीं तो छोड़ दें सरकारी जमीन दअरसल, चार दिन पहले बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला अपोलो अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से चर्चा की और कहा कि यहां आयुष्मान योजना के तहत मरीजों का इलाज नहीं किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की गरीब जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर आयुष्मान योजना के तहत मरीजों को इलाज की सुविधा नहीं मिल रही है तो अस्पताल प्रबंधन सरकारी जमीन छोड़ दे। इसके लिए उन्होंने शासन-प्रशासन से भी इस दिशा में काम करने की बात कही थी। अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत इलाज की सुविधा नहीं मिलने पर विधायक शुक्ला ने आंदोलन करने की चेतावनी भी दी थी।
