DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

अब बिलासपुर रेलवे स्टेशन में मिलेगा चीला-फरा, ठेठरी-खुरमी:गेट नंबर 1 पर खुला गढ़ कलेवा, छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का लगा स्टॉल

बिलासपुर,एजेंसी। बिलासपुर से सफर करने वाले रेल्वे यात्रियों को अब स्टेशन में फरा-चीला जैसे छत्तीसगढ़ी व्यंजन मिलेंगे। बुधवार (13 अगस्त) से गेट नंबर 1 पर यहां गढ़ कलेवा स्टॉल की शुरुआत हो गई है। इस स्टॉल में छत्तीसगढ़ का पारंपरिक खाना-पीना उपलब्ध रहेगा।

इनमें चीला, फरा, मूंगफली लड्डू, गुड़ लड्डू और करी लड्डू शामिल हैं। गुलगुला, ठेठरी, खुरमी, अईरसा, चौसेला और सोहारी भी मिलेंगे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि इस पहल से स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों को रोजगार मिलेगा।

स्टॉल छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में मदद करेगा। यात्री यहां छत्तीसगढ़ के व्यंजनों का स्वाद चख सकेंगे। साथ ही वे राज्य की समृद्ध परंपराओं से भी परिचित होंगे।

स्टॉल का उद्घाटन उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक कौशिक मित्रा की मौजूदगी में हुआ। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह और मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस भारतीयन भी मौजूद रहे। स्टॉल की महिला कर्मचारियों ने रिबन काटकर उद्घाटन किया।

Exit mobile version