कोरबा। शासकीय महाविद्यालय करतला की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा अभिमुखीकरण कार्यक्रम एवं नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला संगठक प्रो. वाई. के. तिवारी, अध्यक्षता प्राचार्य मृगेश कुमार यादव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. विजय शर्मा, डॉ. संजय कुमार यादव एवं कार्यक्रम अधिकारी प्रो. प्रभा शंकर यादव उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती, छत्तीसगढ़ महतारी एवं स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। अतिथियों का स्वागत एनएसएस बैज लगाकर किया गया।
स्वागत भाषण कार्यक्रम अधिकारी प्रभा शंकर यादव ने दिया। प्राध्यापक डॉ. संजय कुमार यादव एवं डॉ. विजय शर्मा ने सभा को संबोधित किया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य मृगेश कुमार यादव ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना व्यक्तित्व विकास का सशक्त मंच है। इस मंच के माध्यम से स्वयंसेवकों में सेवा, संस्कार, अनुशासन, नैतिक एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना मजबूत होती है।
मुख्य वक्ता प्रो. वाई. के. तिवारी ने एनएसएस के इतिहास, उद्देश्य, लक्ष्य, आदर्श वाक्य “NOT ME BUT YOU” एवं नियमित गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जो स्वयंसेवक नियमित गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करेगा, वही एनएसएस की सच्ची भावना को समझ सकेगा। उन्होंने विशेष सात दिवसीय शिविर के महत्व, ग्रामीण समस्याओं की समझ एवं एनएसएस के A, B, C प्रमाण पत्रों के बारे में भी बताया।
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत प्रो. तिवारी ने युवाओं से स्वयं, परिवार, मित्र एवं समाज को नशे से दूर रखने की नैतिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया तथा सभी को नशा विरोधी शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ स्वयंसेवक रूपेश कुमार राठिया ने एवं आभार प्रदर्शन कार्यक्रम अधिकारी प्रभा शंकर यादव ने किया।
